हजारीबाग। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज अधीक्षक के कक्ष में ओपीडी में पंजीकृत मरीजों की सूची के साथ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अस्पताल में कार्यरत मानव बलों की स्थिति की वार्डवार समीक्षा की और जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट ने प्रदत्त चिकित्सकों के पदस्थापन की भी जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल में मानवबलों के सृजन और कुशल प्रबंधन से चिकित्सीय सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।
उपायुक्त ने चिकित्सकों की रोस्टर सूची में नियमित बदलाव और वरीय चिकित्सकों ने विभिन्न वार्डों में नियमित जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने रोस्टर ड्यूटी प्रोटोकॉल में एक सप्ताह के अंदर सुधार लाने को कहा। साथ ही बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली को सख्ती से लागू करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि चिकित्सक मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए प्रतिनियुक्त किए गए हैं, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कक्ष में जाकर उपायुक्त ने कार्य प्रणाली का अवलोकन किया और प्रमाण पत्र निर्गतीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिया। सर्जिकल वार्ड में उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही बर्न वार्ड को 24 घंटे क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिसिन वार्ड और मॉड्यूलर ओटी का भी निरीक्षण कर समस्याओं से अवगत हुए और आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।