पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और अब चुनाव आयोग यह प्रक्रिया देश के 12 अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में भी चलाने वाला है। विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन एसआइआर के इस दूसरे चरण का भी विरोध कर रहा है। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि यह विरोध केवल मुस्लिम वोट हासिल करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा है कि विपक्षी दल भारत को धर्मशाला बनाना चाहते हैं। दूसरी तरफ शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने हर चुनाव क्षेत्र में वोट घोटाला होने और चुनाव आयोग पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि कर्नाटक एसआइटी जांच ने भी कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में फर्जी मतदाता जोड़े जाने की पुष्टि की है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कहा कि मैं एसआइआर के लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहता हूं। कुछ राज्य एसआइआर का विरोध कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन इसका विरोध कर रहा है। ऐसा लगता है कि पश्चिम बंगाल की सरकार बांग्लादेश की सरकार बन गयी है। ये लोग केवल मुस्लिम वोट पाने के लिए इसका विरोध करते हैं। वे भारत को धर्मशाला बनाना चाहते हैं।

