रांची: झारखंड में कड़ाके की ठंड के बीच लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत मिली है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस बदलाव से सुबह के समय मिलने वाली कनकनी से थोड़ी निजात मिली है। जहां पहले लोगों को शॉल और कई परतें ओढ़नी पड़ती थीं, अब स्वेटर और जैकेट से काम चल रहा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तापमान में यह मामूली बढ़ोतरी और राहत अगले 2 से 3 दिनों तक बनी रह सकती है।
हालांकि, कुछ जिलों में ठंड का असर अभी भी बना रहेगा। पलामू, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला, खूंटी और चतरा जैसे जिलों में लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है, जहां न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा, दिनभर बर्फीली हवाएं और शाम के समय बढ़ती ठिठुरन लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
इसके विपरीत, देवघर, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में ठंड का प्रभाव कुछ कम हुआ है। इन जिलों में तापमान 7-8 डिग्री से बढ़कर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने एक बड़ी चेतावनी भी जारी की है। विभाग के मुताबिक, दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर के कारण मौसम में फिर से बड़ा बदलाव आने की संभावना है। इसके चलते, राज्यभर में एक बार फिर शीतलहर और कड़कड़ाती ठंड लौट सकती है, और कई जिलों में पारा फिर से 5-6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

