नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से अपने चार दिवसीय केरल दौरे की शुरुआत कर रही हैं। यह यात्रा 21 से 24 अक्तूबर तक चलेगी। राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार शाम तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगी, जहां से उनके कई अहम कार्यक्रम निर्धारित हैं। 22 अक्तूबर को वे प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर में भगवान अयप्पा के दर्शन करेंगी।

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा धार्मिक आस्था और सामाजिक प्रेरणा से जुड़ा हुआ है। 23 अक्तूबर को वे तिरुवनंतपुरम राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के. आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इसके बाद वे वर्कला के शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह का शुभारंभ करेंगी। इस अवसर पर कई संत, मठाधीश और समाजसेवी उपस्थित रहेंगे। उसी दिन राष्ट्रपति पलई स्थित सेंट थॉमस कॉलेज के प्लेटिनम जुबिली समापन समारोह में भी शामिल होंगी।

अपने दौरे के अंतिम दिन 24 अक्तूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी। इस दौरान वे छात्राओं को शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े संदेश भी देंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा केरल में सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version