रांची। झारखंड से निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे सटे उत्तरी भाग और ओडिशा के अंदरूनी हिस्से के इलाकों से आगे बढ़ गया है। इसकी वजह से झारखंड के विभिन्न जिलों में मौसम साफ होने की संभावना है। हालांकि विभाग ने झारखंड के रांची सहित अन्य मध्यवर्ती हिस्सों में बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की है। यह जानकारी शनिवार को मौसम विभाग ने दी है। विभाग के अनुसार यह निम्न दबाव का क्षेत्र राज्य के उत्तरी भाग की और फिर उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ गया है।

वहीं विभाग ने रविवार को राज्य के उत्तर पूर्वी जिले देवघर, दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। इसके अलावा इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ में 73.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान रांची में 21.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और मध्यम गति की हवा चली। इससे वातावरण में नमी दर्ज की गई और इसके प्रभाव से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.8 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री, जमशेदपुर में 25.2 डिग्री, बोकारो में 28.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version