रांची। दक्षिणी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण झारखंड के 17 जिलों में रविवार को हल्की बारिश होने की आशंका है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शनिवार को दी। विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से के सात जिलों को छोड़कर 17 जिलों में बारिश होने की आशंका है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बना दबाव सात किमी प्रति घंटे की गति से लगभग पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। निम्न दबाव पोर्ट ब्लेयर (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह) से लगभग 440 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम, विशाखापत्तनम से 970 किमी दक्षिण-पूर्व, चेन्नई से 970 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 990 किमी दक्षिण-पूर्व और गोपालपुर (ओडिशा) से 1040 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है।
इसके लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और रविवार तक एक गहरे दबाव में बदलने और 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद, इसके उत्तर-पश्चिम की ओर, फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए, इसके 28 अक्टूबर तक एक भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की प्रबल संभावना है।
वहीं शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे लेकिन बाद में मौसम साफ हो गया। बादल छाने की वजह से दिन में गर्मी का एहसास हुआ। 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.4 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री जमशेदपुर और डालटेनगंज में 33.6 डिग्री, बोकारो में 33.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

