बदरीनाथ और केदारनाथ में बीते शुक्रवार रात से हिमपात शुरू हो गया है। शनिवार सुबह तक लगभग एक फिट तक बर्फ गिर चुकी है। अभी भी लगातार बर्फ गिर रही है। वहीं दूसरी ओर रविवार को शाम 7 बजकर 28 मिनट पर बद्रीनाथ के कपाट बंद होंगे। बर्फबारी के बावजूद बदरीनाथ में यात्रियों की संख्या में कोई कमी नहीं है।

आपको बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही संभावना जताई थी कि राजधानी में शनिवार को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जिले में बारिश हो सकती है। जबकि ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी। शुक्रवार को भी राजधानी के आसमान पर बादल छाये रहे। सुबह हल्की बारिश भी हुई। इस दौरान तापमान न्यूनतम दो डिग्री गिर गया।

राजधानी में शुक्रवार सुबह दस बजे से ही बादल छाने लगे थे। कुछ देर बाद बारिश भी हुई।

इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री तक रहा। दिन में भी शहरवासियों को ठंड महसूस हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि, शनिवार को जिले में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ समेत अन्य पर्वतीय जिलों में भी हल्की बारिश होने की संभावना के साथ ही ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात हो सकती है।

इस दौरान तापमान और गोते लगा सकता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version