- आज से किराया दो रुपये प्रति स्टॉपेज नहीं बढ़ा तो नहीं चलेंगी बसें
रांची। राजधानी में एचईसी से किशोरी यादव चौक वाया कांटा टोली चौक रूट में चल रही सिटी बस का परिचालन करने पर 17 नवंबर को फैसला होगा। नगर निगम ने दीपावली और छठ पूजा का हवाला देते हुए कांट्रैक्टर किशोर मंत्री से 17 तक बस चलाने का आग्रह किया था, इसलिए आज तक बसें चलेंगी। लेकिन, शनिवार को नगर निगम के अफसर सिटी बस का किराया 2 रुपये प्रति स्टॉपेज बढ़ाने पर फैसला नहीं लेते हैं तो 18 से बस का परिचालन नहीं होगा। क्योंकि, ऑपरेटर ने अब बस चलाने की तिथि बढ़ाने से इंकार कर दिया है।
लोगों के पास ऑटो के अलावा परिवहन का कोई साधन नहीं
नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने बस का किराया बढ़ाने से इंकार कर दिया है। किराया बढ़ाने के ऑपरेटर के प्रस्ताव पर उन्होंने आपत्ति भी की है। ऐसे में किशोरी सिंह यादव चौक से धुर्वा तक 25 सिटी बस के परिचालन पर संकट आ सकता है। इससे आम लोगों की परेशानी बढ़ेगी। क्योंकि, वर्तमान में लोगों के पास ऑटो के अलावा परिवहन का कोई साधन नहीं है।
अफसरों ने करोड़ों की बसें खरीद कर कबाड़ कर दीं
नगर निगम के अफसरों ने आम लोगों के टैक्स के पैसे से करोड़ों रुपए की बसें खरीदीं। 10 वर्ष पहले करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से 70 सिटी बसें खरीदी। पिछले वर्ष भी 3 करोड़ की लागत से 26 बसें खरीदी गई, लेकिन अफसरों ने बस चलाने की कोई रणनीति नहीं बनाई। बस से फायदा कमाने के चक्कर में आज तक कभी भी ढंग से बसों का परिचालन नहीं हुआ। इसलिए, आम लोगों को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का लाभ नहीं मिला। नई बसों को भी निगम स्टोर में खड़ा करके कबाड़ बनाया जा रहा है। पुरानी 40 से अधिक बसें जर्जर अवस्था में खड़ी हैं।