धनबाद। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए झारखंड के सांसद, मंत्री और विधायक अपने समर्थकों के साथ चुनाव अभियान चला रहे हैं। झारखंड के ज्यादातार भाजपा नेताओं और प्रमुख कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ में डेरा डाल रखा है। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहा है। पहले चरण का चुनाव 12 नवंबर को हो चुका है। जबकि झारखंड से सटे छत्तीसगढ़ के सरगुजा प्रमंडल में 20 नंवबर को चुनाव होना है। इस प्रमंडल में पांच जिले कोरिया, बलरामपुर, सूरजपुर, जसपुर और सरगुजा है।
इन जिलों के चुनाव प्रभारी झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रशिक्षण प्रमुख गणेश मिश्र हैं। वह धनबाद के हैं। उनके समर्थक भी छत्तीसगढ़ चुनाव में पसीने बहा रहे हैं। धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा, भाजपा के जिला महामंत्री सजय झा और जिला कार्यसमिति सदस्य भानू खत्री, झारखंड प्रदेश भाजपा बैठक एवं कार्यक्रम विभाग के संयोजक अजित दुबे अंबिकापुर क्षेत्र में जमे हुए हैं।
मुख्यमंत्री रमण सिंह बुधवार को अंबिकापुर में ही थे। भाजपा नेताओं ने उनसे मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों का फीडबैक दिया। राज्य के मंत्री सरयू राय और राज पालीवाल भी चुनाव अभियान में लगे हैं। झारखंड प्रदेश भाजपा के महामंत्री सांसद सुनील सिंह, महामंत्री विधायक अनंत ओझा, सांसद समीर उरांव, बोकारो के विधायक बिरंची नारायण एक सप्ताह से छत्तीसगढ़ के प्रवास पर हैं।