गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के अडवारा में शनिवार को हाथियों के झुंड के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। खुद के प्रयास से ग्रामीणाें ने हाथियों को दूसरे इलाके में खदेड़ दिया। पर एक हाथी झुंड से बिछड़ गया और फिलहाल गांव में ही डंटा हुआ है। हाथियों ने कई इलाकों में धान और अरहर की फसलों को भी रौंद दिया है।
अटका पूर्वी पंचायत के जंगलों में देखे गए थे कल: बगोदर ब्लॉक के इलाकों में एक बार फिर हाथियों के आगमन की धमक से लोगों में दहशत है। शुक्रवार तक जंगली हाथियों का झुंड बगोदर थाना के अटका पूर्वी पंचायत के जंगलों में विचरण कर रहा था। आज इन्हें अडवारा में देखा गया। इसकी सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह: झुंड में एक दर्जन हाथियों के होने की बात कही जा रही हैं। शुक्रवार को जंगल में हाथियों को विचरण करता देख ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। वन विभाग ने मौके पर पहुंच मामले का जायजा लेने के बाद आसपास के ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।