रांची। भाजपा ने झामुमो की संघर्ष यात्रा को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो आदित्य साहू ने कहा कि स्थानीय नीति से लेकर बालू बेचने तक के मुद्दे पर झामुमो का असली चेहरा पहले ही सार्वजनिक हो चुका है। आम जनता अब झामुमो के झांसे में आने वाली नहीं, चाहे वो जितनी भी यात्रा कर ले। वहीं प्रो साहू ने आजसू पार्टी को भी सरकार से संबंधित कोई भी बात उचित प्लेटफार्म पर रखने की बात कही। कहा कि आजसू सरकार में शामिल है। इसलिए वह अपनी बात सरकार के समक्ष रखते हुए समाधान पर भी बात कर सकती है।

आदिवासी नेताओं के साथ यूज एंड थ्रो की नीति अपना रही कांग्रेस: प्रतुल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी नेताओं के साथ यूज एंड थ्रो की रणनीति अपना रही है। शाहदेव ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ अजय कुमार के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि मधु कोड़ा कांग्रेस में शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी बड़ी घोषणा कर मधु कोड़ा और उनकी पूरी पार्टी को डॉक्टर अजय कुमार ने अपने दल में शामिल कराया। अब कांग्रेस का यह कहना कि मधु कोड़ा की पार्टी का विलय तो हुआ है, लेकिन मधु कोड़ा खुद शामिल नहीं हुए हैं, यह हास्यास्पद है। कहा कि पार्टी का विलय हो गया, लेकिन पार्टी के अध्यक्ष उसमें शामिल नहीं हुए। यह तो चुटकुला ही हुआ।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मधु कोड़ा के शामिल होने से इनकार कर रहे हैं। वहीं, उन्हीं की पार्टी की चाईबासा लोकसभा प्रभारी रमा खलखो कह रही हैं कि मधु कोड़ा के आने से कांग्रेस और मजबूत होगी। खुद कोड़ा कह रहे हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो गये हैं, लेकिन कांग्रेसी इनकार कर रहे हैं। यह प्रकारण बताता है कि कांग्रेस में आदिवासी नेताओं के साथ कैसा सलूक होता है। शाहदेव ने कहा कि महागठबंधन का महाकन्फ्यूजन दिखने लगा है। कांगे्रस के प्रदेश अध्यक्ष गीता कोड़ा को चाईबासा से उम्मीदवार बता रहे हैं। दूसरी और झामुमो का कहना है कि अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। चतरा, हजारीबाग, लोहरदगा,पलामू, कोडरमा, दुमका, धनबाद समेत अनेक सीटें हैं जहां पर महागठबंधन के दो – तीन दल ताल ठोक रहे हैं।

हेमंत की बेवकूफ बनाओ यात्रा : वर्णवाल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने कहा कि हेमंत सोरेन की संघर्ष यात्रा असफल, बेवकूफ बनाओ यात्रा और विवादास्पद यात्रा के रूप में चर्चित रही। शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वर्णवाल ने कहा कि झामुमो की कोल्हान यात्रा में विधायक और जिलाध्यक्ष में इतनी लड़ाई हुई कि इसका अंत थाना पहुंचकर हुआ। दूसरी तरफ दक्षिणी छोटानागपुर की यात्रा में हेमंत के गुमला पहुंचने पर झामुमो की मुख्य टीम इंतजार करती रह गयी और एक दूसरी फेक टीम हेमंत सोरेन को लेकर चली गयी। ऐसा तभी होता है, जब पार्टी निराश, हताश और कार्यकर्ता बदहवास होते हैं।

मधु कोड़ा का पहले ही ‘मधु’ खा चुकी कांग्रेस: राजेश
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की जय भारत समानता पार्टी का कांग्रेस में विलय होने के पर भाजपा हमलावर है। कांग्रेस में कोड़ा को शामिल होने को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचारियों का जखीरा खड़ा करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता राजेश शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस पहले ही मधु कोड़ा का अस्तित्व खत्म कर चुकी है। अब कांग्रेस में शामिल होने पर मधु कोड़ा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। राजेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर गीता कोड़ा और मधु कोड़ा के कंधे पर बंदूक रखकर गोली चलाना चाहती है पर उसके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version