रांची। महिला ने राजधानी रांची में बीच सड़क पर खुद को आग लगा ली। वह लगभग पूरी तरह जल गयी। आनन-फानन में उसे रिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। गुरुवार शाम को रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित सुरेंद्रनाथ स्कूल के पास उस समय भगदड़ की स्थिति हो गयी, जब ज्योत्सना गोराई नाम की एक महिला ने अचानक बीच सड़क पर खुद पर किरोसिन तेल छिड़क कर शरीर में आग लगा ली। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही महिला बुरी तरह से जल गयी।

अंधेरी गली में आधा घंटा खड़ी रही
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला करीब आधे घंटे से बगल की अंधेरी गली में खड़ी थी। वह चुपचाप इधर-उधर भटकती रही। वह अपने साथ ही किरोसिन तेल लेकर आयी थी, परंतु किसी ने उसे खुद पर तेल छिड़कते नहीं देखा। बचाने गये लोगों ने बताया कि जब वह जल रही थी, तब उसके शरीर से किरोसिन तेल की गंध आ रही थी।

आसपास के लोगों ने की बचाने की कोशिश
वहीं, पास में ही पेट्रोल पंप के कर्मचारी महिला को जलता देख दौड़े-दौड़े वहां पहुंचे और कंबल की सहायता से महिला के शरीर में लगी आग को बुझाया। पास में ही पीसीआर वैन मौजूद थी। पुलिस की टीम ने आनन-फानन में गंभीर रूप से जली महिला को रिम्स पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गयी।

सरोजनी अपार्टमेंट में रहती थी महिला
महिला ज्योत्सना सरोजनी अपार्टमेंट के ब्लॉक थ्री की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि महिला के परिजन कोकर चौक स्थित अपर्णा रेस्टोरेंट चलाते हैं। घटना के वक्त महिला के घर में और कोई भी सदस्य नहीं था। घटना की सूचना पाकर सभी भागे-भागे रिम्स पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version