रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा विधायक पत्नी समेत गुरुवार को कांग्रेस में विधिवत शामिल हो गये। कोल्हान प्रमंडल के मुख्यालय चाईबासा में अवस्थित कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने उन्हें माला पहना कर विधिवत पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर डॉ अजय कुमार ने कहा कि मधु कोड़ा के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। कोड़ा झारखंड के कद्दावर नेता हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोल्हान से मुख्यमंत्री और सांसद दोनों देगी। कोड़ा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनकी पार्टी जय भारत समानता पार्टी का भी कांग्रेस में विलय हो गया।
गीता कोड़ा लड़ेंगी चाईबासा से लोकसभा चुनाव!
जानकारी के अनुसार मधु कोड़ा की विधायक पत्नी गीता कोड़ा चाईबासा से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस में शामिल होने के पीछे इनका मुख्य मकसद यही है। कांग्रेस में भी बागुन सुंब्रुई के निधन के बाद से इस क्षेत्र के किसी कद्दावर नेता की तलाश थी। मधु कोड़ा दंपति के कांग्रेस में आने से यहां उसे मजबूती मिली है। हालांकि अभी कांग्रेस पार्टी ने इस बात की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन जैसा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने अपने संबोधन में संकेत दिया, गीता कोड़ा चाईबासा लोकसभा सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी बनायी जायेंगी। इस सीट पर अभी भाजपा का कब्जा है और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा सांसद हैं।
भाजपा विरोधियों को फंसा देती है : कोड़ा
मधु कोड़ा ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा कि जो भी भाजपा की कमियों को सामने लाता है, उसे अपनी शक्तियों का इस्तेमाल कर भाजपा फंसा देती है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार से जब पूछा गया कि पिछले दिनों मध्यप्रदेश के व्यापम घोटाले की आरोपी को पार्टी शामिल कर लिया गया और अब घोटाले में जेल जाने वाले मधु कोड़ा को भी कांग्रेस में शामिल कर लिया। क्या यह माना जाये कि कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से घोटाले के दाग धुल जाते हैं, उन्होंने कहा कि मधु कोड़ा एक मास नेता हैं। यहां के स्थानीय लोग मधु कोड़ा को भ्रष्टाचारी नहीं मानते। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में है। उन्होंने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि मधु कोड़ा सभी मामलों से बरी हो जायें।
जिसने दर्द दिया उसी के साथ हो लिये कोड़ा दंपति
कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2006 में निर्दलीय विधायक मधु कोड़ा को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाया था। उस समय मधु कोड़ा मुख्यमंत्री तो थे, लेकिन सत्ता की चाबी कांग्रेस के पास थी। कांग्रेस पार्टी ने उनके मुख्यमंत्रित्व काल में जम कर सत्ता का दोहन किया। अरबों के घोटाले में मधु कोड़ा को फंसाने का काम किया। अब फिर कोड़ा दंपति उसी के साथ हो लिये हैं, जिसने उन्हें दर्द दिया था।