रांची। सीएम रघुवर दास ने राज्यवासियों को दीपावली और काली पूजा की शुभकामनाएं दी हैं। वह मंगलवार को प्रखंड परिसर अनगड़ा में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रांची को पूर्ण विद्युतीकृत जिला घोषित किया. साथ ही इरबा व सिल्ली में बिजली ग्रिड के निर्माण की आधारशिला रखी। इस कार्यक्रम मेंन सांसद रामटहल चौधरी, सांसद कड़िया मुंडा, राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, परिमल नाथवानी, शहरी विकास मंत्री सीपी सिंह, विधायक राजकुमार पाहन, नवीन जायसवाल, विकास सिंह मुंडा, आशा लकड़ा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
मालूम हो कि इससे पहले रामगढ़, बोकारो और धनबाद पूर्ण विद्युतिकृत जिला घोषित हो चुका है।सीएम रघुवर दास ने अपने संबोधन में कहा कि सभी को पता है कि दिवाली क्यों मनाते हैं। आज ही के दिन भगवान राम 14 वर्ष का वनवास पूरा करके अयोध्या लौटे थे। यह ख़ुशी और उत्साह का पर्व है।उन्होंने कहा कि जिस रांची को बहुत पहले हर घर बिजली वाला जिला बन जाना चाहिए था, वह राजनीति का शिकार हुआ है। सीएम रघुवर दास ने कहा कि 2014 तक मात्र 4 लाख घरों में बिजली थी। इन चार सालों में हमने दो लाख घरों को बिजली से जोड़ा। इस उपलब्धि पर सीएम रघुवर दास ने उर्जा विभाग को बधाई दी।
सीएम ने कहा कि बिजली विभाग को पूर्व में भ्रस्टाचार का अड्डा बना के रखा गया था। उन्होंने कहा कि बिजली के बिना आधुनिक जीवनशैली और विकास संभव नहीं है। सीएम ने कहा कि मैट्रिक तक मैंने भी लालटेन में पढ़ाई की है। उन्होंने बताया कि सरकार 24X7 बिजली के लिए काम कर रही है।
आलोचकों कि ओर इशारा करते हुए सीएम रघुवर दास ने कहा कि गरीब का घर जाकर देखें, वह कैसे रहते हैं। उन्होंने कहा कि 67 साल तक गांव को अंधेरे में रखना भी एक राजनीतिक चाल थी। हम आदिवासी, गरीब के नाम पर राजनीति नहीं करते। उन्होंने कहा कि 2019 में 24 घण्टे बिजली देना सरकार का लक्ष्य है। मैं राजनीति से जनता को ठगने नहीं आया हूं। उन्होंने कहा कि अगस्त 2019 से गांव में भी 24 घण्टे बिजली होगी। रघुवर ने कहा कि सब स्टेशन ग्रिड के निर्माण का कार्य हो रहा है। 2019 से रांची में बिजली कटेगी ही नहीं और 2020 तक झारखंड उर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होगा।
कमल समृद्धि की निशानी
सीएम रघुवर दास ने कहा कि दीपावली में मां लक्ष्मी की पूजा होती है और मां लक्ष्मी कमल में आती है। कमल समृद्धि की निशानी है। इस समृद्ध राज्य की गोद में जो गरीबी उसे समाप्त करना है। अटल जी के बाद नरेंद्र मोदी जी युग पुरुष साबित हुए हैं। उन्होंने राज्य की जनता से एलईडी लाइट का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करने को कहा। साथ ही राज्य कि जनता से रांची को सौर सिटी बनाने का अनुरोध किया।