जमशेदपुर /मनोहरपुर/ सोनुवा। कोल्हान को साधने पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम के चार विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाएं की। इस मौके पर उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनायीं और कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गांव -शहर में कोई भेद नहीं किया और गांवों की सूरत भी बदली। उन्होंने विकास की गति और तेज करने के लिए फिर जनादेश देने की अपील की।
सभी के सपने पूरे होंगे
रघुवर दास ने कहा कि संथाल परगना हो या कोल्हान, झारखंड के गांव-गांव में बिजली, स्ट्रीट लाइट पहुंचाने का काम उनकी सरकार ने किया है। 2022 तक प्रदेश की सभी बहनों को नल से जल मिले, प्रधानमंत्री मोदी के इस सपने को पूरा करेंगे। कहा कि हमारी सरकार ने जंगलों में भी सड़क पहुंचायी है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भाजपा सरकार का नारा है, पहले विद्यादान, उसके बाद कन्या दान। हमने मुख्यमंत्री सुकन्या योजना शुरू की, जिसमें बेटी के जन्म पर मां के खाते में 5 हजार और 18 वर्ष होने तक 40 हजार, विवाह के लिए 40 हजार यानी कुल 70 हजार रुपये भाजपा सरकार दे रही है।
जम्मू कश्मीर में भी आदिवासी समाज को आरक्षण
मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के नंदपुर फुटबॉल मैदान में रघुवर ने कहा कि अब जम्मू कश्मीर में भी आदिवासी समाज को आरक्षण का लाभ मिलेगा। दलित समाज को आरक्षण मिलेगा। यह इसलिए हुआ क्योंकि आपने केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनायी है। कहा कि 2014 के बाद एक मजबूत सरकार को आपने जानादेश दिया। इसी का नतीजा है कि राज्य में पांच वर्षों तक भष्ट्राचार नहीं हुआ। यह हमारी उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड उग्रवादमुक्त होगा। हमारी सरकार ने 22 हजार किलोमीटर सड़क बनायी। 23 लाख घरों में बिजली पहुंचायी। गुदड़ी जैसे सुदूर इलाके में बिजली पहुंची है।
Previous Articleरघुवर सरकार ने पूरे किये 92 %वायदे: नंदकिशोर
Next Article हैदराबाद में डॉक्टर से गैंगरेप, हत्या