हैदराबाद। स्कूटी का टायर पंक्चर होने के बाद एक टोल प्लाजा के पास इंतजार कर रही 26 वर्षीय वेटनरी डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी। साइबराबाद पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये ट्रक ड्राइवर और क्लीनर हैं। इन्होंने शराब पीने के बाद डॉक्टर को सात घंटे तक बंधक बनाए रखा और सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद शव को 30 किमी दूर ले जाकर आग लगा दी। वेटरनरी डॉक्टर शादनगर में रहती थी और यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर शम्शाबाद में एक वेटनरी हॉस्पिटल में काम करती थी। वह हर दिन हैदराबाद-बेंगलुरु नेशनल हाइवे स्थित तोंडुपल्ली टोल प्लाजा पर अपना टू-व्हीलर पार्क करती थी और वहां से कैब लेकर अस्पताल तक जाती थी। डॉक्टर से बुधवार रात से गुरुवार तड़के तक दुष्कर्म हुआ।
तेलंगाना के गृहमंत्री मो. महमूद अली ने कहा- अफसोस की बात है कि डॉक्टर ने पढ़ी-लिखी होने के बावजूद अपनी बहन को फोन किया। अगर वह 100 नंबर पर कॉल कर देती तो वह सेफ रहती। पुलिस तीन मिनट में पहुंच जाती है।

बुधवार रात डॉक्टर को अपने टू-व्हीलर का टायर पंक्चर मिला
बुधवार को भी डॉक्टर वेटनरी हॉस्पिटल से टोल प्लाजा पर लौटी और वहां से एक और क्लिनिक पर जाने के लिए रवाना हो गयी। रात नौ बज कर 22 मिनट पर डॉक्टर ने अपनी बहन को फोन पर बताया कि उसके टू-व्हीलर का एक टायर पंक्चर है।

जब फोन किया, तब वह डरी हुई थी
परिवार के लोगों ने पुलिस को दिये बयान में कहा कि जब डॉक्टर ने अपनी बहन को फोन किया, तब वह डरी हुई थी। बहन ने उसे सुझाव दिया कि वह टू-व्हीलर वहीं छोड़े और कैब बुक कर घर लौटे, लेकिन डॉक्टर ने कहा कि हाइवे पर स्थित टोल प्लाजा के किनारे इंतजार करने में उसे अजीब महसूस हो रहा है। डॉक्टर ने बाद में अपनी बहन से यह भी कहा कि आसपास अजनबी लोग हैं, वे उसे घूर रहे हैं और उसे डर लग रहा है। पास में ही एक लॉरी खड़ी है, जहां कुछ लोग मौजूद हैं। बाद में रात नौ बज कर 44 मिनट पर डॉक्टर का फोन स्विच आॅफ हो गया।

चार ने दुष्कर्म किया हत्या के बाद शव को 30 किमी दूर ले गये
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात चार ट्रक ड्राइवर और क्लीनर टोल प्लाजा के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनकी टू-व्हीलर पंक्चर होने के कारण अकेली खड़ी डॉक्टर पर नजर पड़ी। वे पंक्चर ठीक करवाने के बहाने से उसे अपने साथ ले गये। वे बुधवार रात 9.30 बजे से गुरुवार तड़के चार बजे तक डॉक्टर से दुष्कर्म करते रहे। इसके बाद डॉक्टर की हत्या कर दी। वे लाश को करीब 30 किमी एक पुल के नीचे ले गये। फिर शव को चादर में लपेटा और केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। इसके बाद दो आरोपी बाइक पर और बाकी लॉरी से लौट आये। इस मामले में मुख्य आरोपी नारायणपेट का रहने वाला अहमद पाशा है। पुलिस ने एक ट्रक के आधार पर जांच शुरू की। यह ट्रक राजेंद्र नगर में रहने वाले एक व्यक्ति का है। उसके ट्रक में अहमद पाशा ड्राइवर का काम करता था। जांच के बाद पुलिस ने अहमद पाशा, चेन्ना केशव लू, शिवा जोल्लू और नवीन कुमार को गिरफ्तार किया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version