रांची। राजद ने रविवार को घोषणा पत्र जारी किया। राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा कि गठबंधन की सरकार आती है, तो महिलाओं को हर स्तर पर 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा, ताकि आधी आबादी कहीं किसी से कम नहीं रहे। साथ ही पारा शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका को स्थायी किया जायेगा। बताते चलें कि राजद, झामुमो और कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत झारखंड विधानसभा के चुनाव मैदान में है। इसमें झामुमो को 43, कांग्रेस को 31 और राजद को 7 सीटें मिली हैं।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा कि जल और जंगल दुनिया की समस्या बन गयी है। बिना देर किये हुए अल्पकालीन और दीर्घकालीन जल और जंगल के संरक्षण की नीति बनायी जायेगी। राज्य के पिछड़ों को 27 फीसदी आरक्षण दिया जायेगा। झारखंड के बच्चों की समुचित शिक्षा के लिए जरूरत के अनुसार शिक्षा केंद्रों की स्थापना की जायेगी। कहा कि हर साल 50 हजार नये रोजगार के अवसर का सृजन किया जायेगा। गठबंधन की सरकार बनी, तो ग्रामीण रोजगार गारंटी का असरदार क्रियान्वयन किया जायेगा। काम के बदले अनाज इस कार्यक्रम को सालों भर चलाया जायेगा। साथ ही राज्य की बंजर भूमि को कृषि योग बनाकर भूमिहीनों को दिया जायेगा। बंद स्कूलों को फिर से खोला जायेगा। 300 घरों की आबादी पर एक स्कूल खोला जायेगा, जिसकी व्यवस्था पंचायतों को सौंपी जायेगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए झारखंड के सभी प्रमुख पर्यटन स्थल, जलाशय एवं धार्मिक स्थानों को सौंदर्यीकरण किया जायेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की फसल बर्बाद होने की स्थिति में समय पर फसल बीमा का भुगतान कराया जायेगा। 10 हजार रुपये के कृषि ऋण को माफ किया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version