रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झामुमो, कांग्रेस और राजद के गठबंधन की घोषणा पर पलटवार करते हुए इसे झारखंड विरोधी शक्तियों का गठजोड़ बताया। कहा कि इसमें वही दल शामिल हैं, जिनमें वंशवाद चरम पर है। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन में शामिल कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व जेल और बेल के चक्कर में फंसा है, तो झारखंड को सेल कर देने वाला झारखंड मुक्ति मोर्चा और ब्लैकमेल करने वाला राजद भी मौजूद है। शाहदेव शुक्रवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस गठजोड़ को अब महागठबंधन की भी संज्ञा नहीं दी जा सकती, क्योंकि झाविमो और सीपीआइ और सीपीएम ने पहले ही किनारा कर लिया है। गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने झारखंड आंदोलन को कई बार खरीदा है, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा ने झारखंड आंदोलन को कई बार बेचा है। यह झारखंड विरोधी शक्तियों का नापाक गठबंधन है।
प्रतुल ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी इसी तरीके से बिना नीति सिद्धांत का गठबंधन बना था और जनता ने उसे नकार दिया था। इस बार जनता फिर से ऐसे गठबंधन को रिजेक्ट करेगी। गठबंधन और विपक्ष के नेताओं को जनता के हित से कोई लेना-देना नहीं। उनके लिए व्यक्तिगत आकांक्षा ज्यादा महत्वपूर्ण है। प्रतुल ने कहा कि इनका प्रेस कांफ्रेंस दो घंटे देर से शुरू हुआ, क्योंकि इनमें अब तक सीटों पर सहमति नहीं बन पायी है। और यह सब जनता के सामने एकता का ढोंग कर रहे हैं। राजद के नेताओं का प्रेस कांफ्रेंस में शामिल नहीं होना, बताता है कि गठबंधन में ब्लैकमेलिंग का दौर अभी भी जारी है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हेमंत सोरेन ने प्रेस क्लब भवन की प्रशंसा की। उन्हें याद रखना चाहिए कि इस भवन की नींव रघुवर सरकार के कार्यकाल में ही रखी गयी थी और इसका उद्घाटन भी इसी कार्यकाल में हुआ। हेमंत जब भी अपने घर से बाहर निकलेंगे, तो उन्हें सरकार के द्वारा किये गये विकास कार्य हमेशा दिखेंगे। प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।
Previous Articleझारखंड में राजनीति और जेल, जैसे चोली-दामन का मेल
Next Article झाविमो ने जारी की पहली सूची
Related Posts
Add A Comment