रांची। झारखंड विकास मोर्चा ने इस विधानसभा चुनाव में अपनी अलग राह नापते हुए प्रथम चरण के लिए नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के तहत झाविमो ने शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। पार्टी ने 13 में 9 सीटों के लिए प्रत्याशी का ऐलान किया है। पार्टी ने राहुल अग्रवाल को डालटनगंज से प्रत्याशी बनाया है। राहुल अग्रवाल ने एक दिन पहले ही झाविमो की सदस्यता ली थी। इसके अलावा पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी के पुत्र विजय कुमार केशरी को भवनाथपुर से प्रत्याशी बनाया है। यह घोषणा पार्टी केंद्रीय प्रवक्ता अशोक कुमार वर्मा एवं सुनीता सिंह ने पार्टी कार्यालय में की। उन्होंने बताया कि बाकी बची चार सीटों पर प्रत्याशी का ऐलान दो-तीन दिनों में कर दिया जायेगा।
ये हैं झाविमो के प्रत्याशी
चतरा- तिलेश्वर राम
बिशनपुर- महात्मा उरांव
पांकी- रूद्र कुमार शुक्ला
डालटनगंज- डॉ राहुल अग्रवाल
विश्रामपुर- अंजू सिंह
छत्तरपुर- धर्मेंद्र प्रकाश बादल
हुसैनाबाद- बीरेंद्र कुमार
गढ़वा- सूरज प्रसाद गुप्ता
भवनाथपुर- विजय कुमार केशरी