धनबाद। भाजपा छोड़कर झामुमो में आये सिंदरी विधायक फूलचंद मंडल को टिकट दिये जाने के खिलाफ झामुमो में बगावत से स्वर फूट पड़े हैं। झामुमो की धनबाद इकाई के नेता खुलकर फूलचंद मंडल का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि अगर फूलचंद मंडल को पार्टी टिकट देती है, तो वे लोग फूलचंद मंडल को हराने का काम करेंगे।
पार्टी के बैनर तले बरवाअड्डा में झामुमो नेताओं ने मीडिया से बात करते हुए फूलचंद मंडल को टिकट मिलने पर नाराजगी जाहिर की। बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के केंद्रीय सचिव पैगाम अली ने कहा कि सिंदरी से पांच लोग, पैगाम अली, दुर्योधन चौधरी, मन्नू आलम, मुकेश सिंह और देवनाथ सिंह टिकट के दावेदार थे। इनमें से किसी को टिकट नहीं मिला।
पैगाम अली ने कहा कि हमलोगों ने पार्टी को सींचा है। इनमें से किसी को टिकट नहीं मिला, तो हम घर-घर जाकर लोगों से फूलचंद मंडल के खिलाफ वोट डालने की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि फूलचंद मंडल ने पार्टी ज्वाइन किया है, तो हमलोग इसका स्वागत करते हैं, लेकिन उनको टिकट देने के निर्णय का विरोध करते हैं। अगर पार्टी ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो इस चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version