सिमरिया/हजारीबाग/बरही/ कोडरमा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को सिमरिया, हजारीबाग, बरही और कोडरमा में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन में शिरकत की और ताबड़तोड़ सभाएं की। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि जनता ने वंशवाद को पूरी तरह नकार दिया है, जबकि सकारात्मक राजनीति ही जनता की पसंद बनी है। उन्होंने कहा कि वंशवाद, जातीय और नकारात्मक राजनीति करनेवालों को इस देश की जनता ने नकार दिया है। भाजपा ने विकास और विश्वास की राजनीति की है और जनता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखायी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और लोगों से सभी सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान किया, ताकि विकास की रफ्तार बनी रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जोहार जनआशीर्वाद यात्रा में राज्यभर में देखा कि किस कदर जनता भाजपा के काम से काफी खुश है। झारखंड में 14 वर्षों तक तीन मेडिकल कॉलेज थे। भाजपा के महज पांच साल के शासन में पीएम मोदी के सौजन्य से हजारीबाग, पलामू और दुमका में भी मेडिकल कॉलेज खोले गये। जल्द ही कोडरमा और चाईबासा में मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। सड़कें भी चकाचक हो गयी हैं। बिजली की दशा भी सुधर गयी है। भाजपा ने घर-घर में बिजली पहुंचायी। संथाल के पहाड़ पर भी उजाला हुआ। ट्रांसमिशन लाइन के नाम पर कांग्रेस-झामुमो की सरकार बिजली पर चुप्पी साधे रही। मुख्यमंत्री ने शिबू सोरेन और राहुल गांधी पर वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी सरकार कभी राज्य का भला नहीं कर सकती। झारखंड के नाम पर इन नेताओं ने राज्य और खुद को बेच दिया। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश में आतंकवाद पर अंकुश कसा, तो राज्य में भाजपा सरकार ने उग्रवाद का सफाया कर दिया। सीएम की सभाओं में इन विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशी भी थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version