बिहार में आज नीतीश कुमार की अगुआई में नई सरकार बनाने जा रही है। नीतीश कुमार के अलावा आज 12 से 15 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, BJP और JDU से 7-7 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि VIP और हम से एक-एक सदस्य मंत्री बनाए जाएंगे।
इन चेहरों की छुट्टी तय!
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार की नई सरकार में पिछली सरकार के एक दर्जन मंत्री नहीं होंगे। दो कपिल देव कामत (जदयू) और विनोद कुमार सिंह (भाजपा) दिवंगत हो चुके हैं जबकि शेष दस चुनाव हार गए हैं। इनमें जदयू के आठ और भाजपा के दो मंत्री शामिल हैं। भाजपा के सुरेश शर्मा और ब्रजकिशोर बिंद वहीं जदयू के कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, जयकुमार सिंह, शैलेश कुमार, लक्ष्मेश्वर राय, संतोष निराला, खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद, रमेश ऋषिदेव, रामसेवक सिंह भी हार गए हैं।
नीतीश कुमार आज 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम शाम करीब साढ़े चार बजे आयोजित होगा। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे।
जदयू से सम्भावित मंत्रियों के नाम
विजेन्द्र यादव,अशोक चौधरी, संजय झा,श्रवण कुमार,नीरज कुमार,मदन सहनी
भाजपा से सम्भावित मंत्रियों के नाम
तारकिशोर प्रसाद,रेणु देवी, डॉ. प्रेम कुमार, नंद किशोर यादव, मंगल पांडेय, विजय कुमार सिन्हा, राणा रंधीर सिंह
बताया जा रहा है कि नीतीश सरकार में युवा और नये चेहरे को मौका मिलना तय माना जा रहा है। इनमें कुछ नाम बीजेपी से तो कुछ जेडीयू से होगा।
इस शपथ ग्रहण समारोह के बाद निकट भविष्य में नीतीश मंत्रिमंडल का फिर विस्तार होगा। बिहार की नीतीश मंत्रिमंडल में कुल 36 मंत्री हो सकते हैं। विधायकों की संख्या के लिहाज से BJP कोटे से लगभग 20 वहीं JDU कोटे से CM समेत 14 मंत्री होना लगभग तय है, जबकि नीतीश कैबिनेट में VIP और हम कोटे से एक-एक मंत्री बनाए जाएंगे। इस बार की नीतीश सरकार में पिछली सरकार के कई मंत्री रिपीट नहीं होंगे।
इससे पहले रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधानमंडल दल की बैठक में अगली सरकार में बीजेपी की सहभागिता के खाका पर भी मुहर लग गई। बीजेपी एव एनडए की दोनों बैठकों में बीजेपी के चुनाव पर्यवेक्षक व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेंद्र यादव और बिहार बीजेपी चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़नवीस मौजूद रहे।

