दुमका। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार को अस्थिर करने की साजिश को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पुलिस में दर्ज मामले की जांच करायी जायेगी और कानून सम्मत कार्रवाई की जायेगी। वह रविवार को यहां मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, हमारा दिल बहुत बड़ा है। भारतीय जनता पार्टी और अन्य विरोधी दलों द्वारा हमारे खिलाफ की जा रही छोटी-मोटी आलोचनाओं पर हम ध्यान नहीं देते हैं, लेकिन जब सरकार को अस्थिर करने की साजिश रची जायेगी, तो उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। भाजपा को इसका हम माकूल जवाब देंगे। मुख्यमंत्री ने मीडिया के सामने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का क्रियाकलाप देश और लोकतंत्र के लिए खतरा है। राज्यों की सरकारों को अस्थिर करना उसकी परंपरा रही है, लेकिन वह इसकी लाख कोशिश कर ले, झारखंड की जनता उसे करारा जवाब देगी।
मुख्यमंत्री ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि दुमका और बेरमो सीट पर हमारी जीत तय है। भाजपा चाहे जितनी ताकत लगा ले, उसे दोनों ही सीटों पर करारी हार मिलेगी। अपनी हार को देखकर ही भाजपा अनर्गल बयानबाजी कर रही है, लेकिन तीन नवंबर को जनता अपने वोटों से उसे सबक सिखा देगी। हेमंत ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को संथाल परगना की जनता का प्यार पहले से मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
कमजोर हो रहे हैं केंद्र और राज्य के संबंध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी नीतियों को जबरन जनता पर थोप रहे हैं, जिसका असर केंद्र-राज्य संबंधों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के हिस्से के पैसे को काटा जा रहा है। जीएसटी में राज्यों की हिस्सेदारी नहीं दी जा रही है। राज्य के खजाने से भी पैसे निकाल लिये गये। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए अच्छा नहीं है।
कोरोना काल में अपने कर्तव्यों का किया निर्वहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में सरकार ने अपने कर्तव्यों का पूरी इमानदारी के साथ निर्वहन किया है। राज्य को संक्रमण से बाहर निकाल कर जीवन को सामान्य बनाना सरकार का पहला लक्ष्य है और इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है।
ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार संकल्पित है। रोजगार सृजन को लेकर कई योजनाएं शुरू की गयी हैं। अब हमारी कोशिश यही है कि राज्य में स्थापित निजी उद्योगों में 80 प्रतिशत स्थानीय लोगों को नौकरी मिले। इसके लिए सरकार जल्द ही एक नीति बनायेगी।
व्यवसाय और उद्योगों को बढ़ावा दे रही सरकार
सीएम ने कहा कि झारखंड में रोजगार तभी बढ़ेंगे, जब यहां उद्योग धंधे लगेंगे। व्यवसाय और उद्योग-धंधों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की कोशिशें लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों को लगाने के लिए जमीन चाहिए और जमीन कैसे उन्हें उपलब्ध करायी जाये, इस पर व्यापक सहमति बनानी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने इस मामले को लेकर ग्राम सभाओं से कहा कि वे इस पर व्यापक विचार-विमर्श कर सरकार को सुझाव दें, ताकि उद्योगों को भी जमीन मिल सके और रैयतों को भी किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हो। इसके माध्यम से हम अपने लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार उपलब्ध करा सकेंगे।
लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की परेशानियों को दूर करना सरकार की विशेष प्राथमिकता है। इस सिलसिले में ट्विटर के माध्यम से जो समस्याएं आ रही हैं, उनके निदान के लिए तुरंत निर्देश दिये जा रहे हैं, लेकिन यह बात भी सही है कि हर कोई ट्विटर पर अपनी समस्या नहीं बता सकता है। सरकार लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
दीपक प्रकाश पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं होगा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश द्वारा दिया गया बयान कोई नया नहीं है। यह भारतीय जनता पार्टी की परंपरा रही है कि वह राज्यों की स्थिर सरकारों को अस्थिर करे। भाजपा शुरू से ही हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा देती रही है और झारखंड में भी अब यही कोशिश कर रही है। लेकिन उसका यह मंसूबा कभी कामयाब नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दो माह के अंदर राज्य में सरकार बनाने को लेकर दीपक प्रकाश ने जो बयान दिया है और उनके खिलाफ जो प्राथमिकी दर्ज की गयी है, उसे वापस नहीं लिया जायेगा। इस मुकदमे को लेकर आगे जांच होगी।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



