रांची। झारखंड ने रविवार को अपना 20वां सालगिरह मनाया और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर याद किया। राज्य की सवा तीन करोड़ आबादी की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोकर स्थित बिरसा समाधि स्थल पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के साथ धरती आबा को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने बिरसा चौक पर धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। हालांकि कोविड को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में स्थापना दिवस के मौके पर किसी प्रकार का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ। सभी सरकारी और निजी कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। बिरसा जयंती और राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संघर्ष और साहस की प्रतिमूर्ति धरती आबा बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड राज्य अपनी स्थापना के 20 वर्ष पूरे कर रहा है। इस राज्य को हासिल करने के लिए हमने लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि राज्यवासियों के लिए बहुत हर्ष की बात है कि विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा, अमर शहीद सिदो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर और शेख भिखारी जैसे महापुरुषों को याद करते हैं, ताकि देश की पीढ़ी दर पीढ़ी इनकी वीरता, संघर्ष और त्याग एवं बलिदान को सदैव याद रखे। सीएम ने कहा कि सभी के सहयोग से राज्य अग्रतर और सम्यक विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। इस विकास यात्रा में राज्य का हर नागरिक अपना सक्रिय योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि अभी हमें लंबा सफर तय करना है।
राज्य विकास के पथ पर : राज्यपाल
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि आज से 20 साल पहले इसी दिन झारखंड के रूप में एक नये राज्य का उदय हुआ था। यह राज्य विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। हमें धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाना है।
पीएम मोदी ने भी दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, इस अवसर पर मैं यहां के सभी लोगों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। साथ ही बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री ने उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि वे गरीबों के सच्चे मसीहा थे, जिन्होंने शोषित और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किया। स्वतंत्रता आंदोलन में उनका योगदान और सामाजिक सद्भावना के लिए किये गये उनके प्रयास देशवासियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



