बड़ी घटना को अंजाम देने की थी तैयारी

रांची। झारखंड के कुख्यात नक्सली को एसएसबी की सहायता से नगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार माओवादी टंडवा थाना क्षेत्र के पिछुलिया निवासी धर्मेंद्र यादव है। नगर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली की तलाश टंडवा थाना कांड संख्या 05/17 में पुलिस कर रही थी। वह वर्तमान में औरंगाबाद शहर के शाहपुर मोहल्ले में रामलखन सिंह यादव कालेज के पास रह रहा था। एसएसबी को सूचना मिली कि नक्सली धर्मेंद्र औरंगाबाद शहर में है। सूचना पर नगर थाना पुलिस के साथ घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया।

औरंगाबाद के रास्ते गया आकर वारदात का था प्रयास
बताया जाता है कि गया जिल के कोंच में एसएसबी कैंप को खबर मिली थी कि नक्सली औरंगाबाद जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद उसे स्थानीय थाने की पुलिस के साथ पकड़ा गया। एसएसबी के अनुसार वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए औरंगाबाद में छिपा हुआ था। नक्सली के गया पहुंचने की सूचना थी। इनपुट के आधार पर गया में टीम छानबीन कर रही थी। इसी दौरान पता चला कि वह औरंगाबाद के रास्ते गया के नक्सल क्षेत्र में आयेगा। इसी दौरान एसएसबी की टीम ने जाल बिछाया और औरंगाबाद से ही उसे दबोच लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

2017 से फरार चल रहा था कुख्यात नक्सली
एसएसबी को धर्मेंद्र से कई अहम सूचना मिली है। उसका सत्यापन किया जा रहा है। धर्मेंद्र यादव 2017 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ उसी वर्ष टंडवा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। लेकिन तब से वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका था। उसकी गिरफ्तारी को अहम माना जा रहा है। अन्य थानों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटायी जा रही है। तत्काल उसे टंडवा थाने के हवाले कर दिया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version