- मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर लिखा: ‘सत्यमेव जयते’
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची/जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपने ट्विटर पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्क्रीन शॉट लगाते हुए केवल एक लाइन लिखा-‘सत्यमेव जयते।’ उधर, जमशेदपुर में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा पर जम कर निशाना साधा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा को लगता है कि यहां के आदिवासी बोका यानि मूर्ख लोग हैं। भाजपा सिर्फ षडयंत्र रचना जानती है, आम आदमी को लाभ पहुंचाना नहीं। वर्तमान झारखंड सरकार आदिवासी, पिछड़ों के विकास में लगी है। हम गरीबों और जरूरतमंदों के आंसू पोंछ रहे हैं, तो विरोधियों के मन में डर लगने लगा है। विरोधी योजनाओं को ही ढोंग करार दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों, मरीजों, विधवाओं, दिव्यांगों के लिए कुछ नहीं किया। इसका प्रमाण है आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार में आ रहे आवेदनों में मिल रहा है। विरोधियों ने कागज पर ही योजनाओं को चलाने का कार्य किया है। भयानक लूट मची थी। उसका ठीकरा हम पर फोड़ा जा रहा है, लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी। आज हमने सभी योजनाओं को गांव और पंचायत तक पहुंचाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में इडी और आयकर छापा पर कहा कि केंद्रीय एजेंसियों ने 80 जगहों पर एक साथ छापामारी की। उन्हें केवल सवा करोड़ रुपये ही मिले। एजेंसी ने बरामद राशि से कई गुना ज्यादा छापेमारी में खर्च कर दी। अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आये फैसले का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की गहरी साजिश को कोर्ट ने निरस्त कर दिया। ऐसे लोगों को मुंह की खानी पड़ी। उन्होंने कहा कि यहां की जनता सब समझ रही है। आने वाले समय में झारखंड से भाजपा का सफाया हो जायेगा। दो वर्षों बाद झारखंड में भाजपा का झंडा ढोने वाला नहीं मिलेगा।