कोडरमा। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी भारत जोड़ो पदयात्रा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झारखंड प्रदेश भारत जोड़ो पदयात्रा प्रभारी पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह जिला प्रभारी शहजादा अनवर ने कोडरमा में आयोजित पार्टी के पदयात्रा कार्यक्रम में भाग लिया। इसमें अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष शकील अख़्तर अंसारी, विधानसभा पदयात्रा प्रभारी रविशंकर यादव, जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष लीलावती मेहता, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र यादव उपस्थित रहे।
मुख्य मार्ग होते हुए पदयात्रा प्रस्तावित करमा मेडिकल कॉलेज प्रांगण पहुंची, जहां जिला पदयात्रा संयोजक अनिल यादव अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष फैयाज कैसर एवं साथियों द्वारा भारत जोड़ो पदयात्रियों का स्वागत किया गया। पदयात्रा पुनः प्रारंभ हुई जो महाराणा प्रताप चौक पर माल्यार्पण करते हुए झंडा चौक सभा स्थल पर पहुंची।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी और हम सब भाईचारगी का पैगाम लेकर देशवासियों को जोड़ते चल रहे हैं जबकि भाजपा और इनके प्रधानमंत्री को राहुल जी का जूता और टी-शर्ट दिखता है। खुद दस लाख का सूट पहनते हैं, झूठ पर झूठ बोलते हैं चाय बेचते बेचते देश की सार्वजनिक कंपनियां बेच डाली। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय ने कि राहुल गांधी 2000 किलोमीटर पर यात्रा कर चुके हैं। जनसैलाब ही बता रहा है कि 2024 में देश ने राहुल गांधी को अपना नेता मान लिया। भाजपा हर जगह विपक्षी सरकार को ही तोड़ने का काम करती है चाहे पैसे से चाहे प्रलोभन से।