आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की झारखंड यात्रा का कार्यक्रम बदल गया है। नये कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति अब सोमवार की बजाय मंगलवार सुबह रांची पहुंचेंगी। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से राष्ट्रपति सीधे खूंटी के उलीहातू जायेंगी। वहां भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि अर्पित करने और धरती आबा के वंशजों से मिलने के बाद राष्ट्रपति रांची हवाई अड्डा लौटेंगी और फिर दिल्ली चली जायेंगी। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति के कार्यक्रम में अंतिम समय में यह बदलाव आइबी की रिपोर्ट के बाद किया गया है।
बता दें कि पहले राष्ट्रपति को सोमवार को झारखंड आना था। उनके कार्यक्रम की शुरूआत देवघर स्थित बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना से होनी थी। राष्ट्रपति को देवघर में चार घंटे तक रुकना था। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी थीं। शाम को रांची पहुंचने के बाद उन्हें राजभवन में रुकना था। अगली सुबह भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि और बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद उन्हें उलीहातू जाना था। वहां से लौटने के बाद राष्ट्रपति को मोरहाबादी में राज्य सरकार की ओर से आयोजित झारखंड स्थापना दिवस समारोह में शिरकत करनी थी। राज्य सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version