-मध्यप्रदेश-राजस्थान में भाजपा को बढ़त, छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर, तेलंगाना और मिजोरम में हंग असेंबली का अनुमान
-पांचों राज्यों के परिणाम 3 दिसंबर को आयेंगे
आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली। पांच राज्य, यानी राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव समाप्त हो गया। मतों की गिनती और चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को घोषित होंगे, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल आने लगे हैं। इसके मुताबिक पांच में दो राज्यों में भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है। वहीं, छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर दिख रही, तो तेलंगाना और मिजोरम में हंग असेंबली का अनुमान लगाया जा रहा है।
राजस्थान: अब तक सामने आये चार एग्जिट पोल में सभी भाजपा की सरकार बनती दिखा रहे हैं। कांग्रेस 60 से 90 सीटो पर सिमटती नजर आ रही है।
मध्यप्रदेश: अब तक के छह एग्जिट पोल में से चार भाजपा की सत्ता में वापसी करवा रहे हैं, जबकि दो पोल कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जता रहे हैं।
छत्तीसगढ़: अब तक के सात एग्जिट पोल आये हैं। यहां भाजपा-कांग्रेस को कड़ी टक्कर देती दिख रही है।
तेलंगाना: अब तक दो एग्जिट पोल सामने आये। इनमें एक में कांग्रेस और एक में हंग असेंबली का अनुमान जताया गया है।
मिजोरम: अब तक दो एग्जिट पोल सामने आये। इनमें से एक में हंग असेंबली का अनुमान जताया गया है। एक में जोरम पीपुल्स मूवमेंट की सरकार बनती दिख रही है।

क्या कहते हैं एग्जिट पोल:
इंडिया टुडे माय एक्सिस इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक मध्यप्रदेश में भाजपा को 106-116, कांग्रेस को 111-121 और अन्य को 6 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। राज्य में 230 सीटें हैं। यहां बहुमत के लिए 116 सीटों की जरूरत है। एक्सिस इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 40-50, भाजपा 36-46 और अन्य को 1 से 5 सीटें दी गयी हैं। राज्य में कुल 90 सीटें हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 46 है। जन की बात के एग्जिट पोल में राजस्थान में भाजपा को 100-122, कांग्रेस को 62 से 85, अन्य को एक भी सीट नहीं दी गयी है। राज्य में कुल 200 सीटें हैं। यहां सरकार बनाने के लिए 101 सीटों की जरूरत है। दैनिक भास्कर ने भी तीन राज्यों का एग्जिट पोल निकाला है। भास्कर के मुताबिक राजस्थान में भाजपा और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जीत का अनुमान, मध्यप्रदेश में कांग्रेस को बढ़त।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version