श्रीनगर । उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ मंगलवार को कुपवाड़ा जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज की साढ़े दस फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह के दौरान महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि मैं अम्ही पुणेकर और भारतीय सेना की 41आरआर को उनकी ऐतिहासिक पहल के लिए बधाई देता हूं। महान शिवाजी की प्रतिमा लोगों और सेना के बहादुरों के लिए प्रेरणा का स्रोत होगी। उन्होंने कहा कि महान योद्धा और स्वराज्य के संस्थापक शिवाजी उच्च मानक नैतिकता, सही आचरण और सभी धर्मों और संप्रदायों के सम्मान के स्रोत भी थे। वह एक जन्मजात नेता थे, जिन्होंने दुश्मन के खिलाफ अपनी शानदार जीत के माध्यम से भारत का एक नया इतिहास लिखा।

उन्होंने कहा कि अपनी सैन्य प्रतिभा और नैतिक बल का प्रदर्शन करके शिवाजी ने लाखों भारतीयों को एकजुट किया और मराठा साम्राज्य के लिए संप्रभुता हासिल की। उपराज्यपाल ने कहा कि उनके सार्वभौमिक और शाश्वत मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं और हमें सामाजिक समानता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के मार्ग पर मार्गदर्शन कर रहे हैं।

इस प्रतिमा की आधारशिला इसी साल पड़वा के दिन कुपवाड़ा स्थित भारतीय सेना शिविर में रखी गई थी। इसके निर्माण के लिए शिवनेरी, तोरणा, राजगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ से मिट्टी और पानी लाया गया। यह प्रतिमा साढ़े दस फीट ऊंची है। इस प्रतिमा का निर्माण आमही पुणेकर फाउंडेशन और छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक समिति के सहयोग से किया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version