भोपाल । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी है और तीन दिसंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे, लेकिन इससे पहले आज (गुरुवार को) मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने यह बैठक मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैक को सेवानिवृत्ति पर विदाई देने के लिए बुलाई गई है।

दरअसल, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस को वर्तमान सरकार दो बार सेवा वृद्धि का लाभ दे चुकी है और उनकी दूसरी सेवावृद्धि की अवधि आज (गुरुवार) को समाप्त हो रही है। यानी मुख्य सचिव बैस आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसी सिलसिले में आज सुबह मंत्रालय से 11.15 बजे से मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में शिवराज सरकार के सभी मंत्रियों के अलावा अधिकारियों को भी बुलाया गया है। बैठक में मुख्य सचिव के विदाई समारोह के अलावा कोई दूसरे एजेंडे पर चर्चा नहीं होगी।

इकबाल सिंह बैंस के सेवानिवृत्त होने के बाद मुख्य सचिव के पद का दायित्व भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी वीरा राणा संभालेंगी। राज्य शासन ने उन्हें आगामी आदेश तक अस्थाई रूप से अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

गौरतलब है कि 1985 बैच के आईएएस इकबाल सिंह बैंस भाजपा की शिवराज सरकार के सबसे चहेते अधिकारी रहे हैं। वे 30 नवंबर 2022 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन सेवानिवृत्ति के एक दिन पहले 29 नवंबर 2022 को ही उनकी सेवा में 6 माह के लिए वृद्धि कर दी गई थी। इसके बाद 30 मई 2023 को उनकी सेवावृद्धि अवधि समाप्त होनी थी, लेकिन विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्हें दूसरी बार 30 नवंबर 2023 तक के लिए सेवावृद्धि दे गई थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version