नई दिल्ली/कोलंबो। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को श्रीलंका के त्रिंकोमाली में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की नई शाखा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्वी प्रांत के गवर्नर सेंथिल थोंडामन, श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले और एसबीआई के अध्यक्ष दिनेश खारा भी उपस्थित थे।

वित्त मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने श्रीलंका की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान त्रिंकोमाली में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शाखा के अधिकारियों के साथ बातचीत की। इसके साथ ही त्रिंकोमाली में आगंतुक पुस्तिका भरने के अलावा नए ग्राहकों को पासबुक वितरित किए।

एसबीआई अपनी 159 वर्षों की महत्वपूर्ण उपस्थिति के साथ श्रीलंका का सबसे पुराना बैंक है। यह देश और विदेश में अपना कारोबार बढ़ा रहा है। श्रीलंका में आर्थिक संकट के दौरान एसबीआई ने भारत सरकार द्वारा श्रीलंका को एक अरब डॉलर की ऋण की सुविधा के सुचारू विस्तार का मार्ग प्रशस्त किया।

एसबीआई श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय व्यापार में कॉरपोरेट्स का समर्थन करके महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। श्रीलंका में एसबीआई इन-ब्रांच संचालन के अलावा, एसबीआई श्रीलंका योनो ऐप और ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से एक मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म को बढ़ाना जारी रखता है।

उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण श्रीलंका की तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। वह कोलंबो में भारतीय मूल के तमिलों के श्रीलंका आगमन की द्विशताब्दी स्मृति समारोह में भाग लेंगी। वो भारत-श्रीलंका व्यापार शिखर सम्मेलन को भी संबोधित करेंगी। इस सम्मेलन का विषय है- सम्पर्क वृद्धि: समृद्धि के लिए भागीदारी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version