कोलंबो। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में मादक पदार्थों की तस्करी के संदेह में श्रीलंकाई ध्वज वाली दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं को सफलतापूर्वक रोक लिया। जांच के दौरान यह संदेह सच निकला। भारतीय नौसेना ने दोनों नौकाओं के चालक दल के सदस्यों और बरामद ड्रग को श्रीलंका की नौसेना को सौंप दिया। श्रीलंका के समाचार पत्र डेली न्यूज की खबर के अनुसार 24 और 25 नवंबर को चलाए गए ऑपरेशन के परिणामस्वरूप लगभग 500 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ ड्रग जब्त किया गया। भारतीय नौसेना ने क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत समुद्री साझेदारी को रेखांकित करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ड्रग और चालक दल के सदस्यों को श्रीलंकाई नौसेना को सौंप दिया ।श्रीलंकाई नौसेना के अनुसार भारतीय नौसेना के लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमान और रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट की हवाई निगरानी की वजह से यह सफलता मिली। इस अभियान की कामयाबी में भारत के गुरुग्राम में स्थापित सूचना संलयन केंद्र के इनपुट की बड़ी भूमिका रही। 2018 में स्थापित भारतीय नौसेना का यह केंद्र हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा और संरक्षा बढ़ाने की दिशा में काम करता है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



