सिल्ली। सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि आजसू पार्टी ने सिल्ली को केवल बांटने और विकास से दूर रखने का काम किया है। सिल्ली के लोगों का अधिकार और सम्मान उनसे छीन लिया गया, और उन्हें सिर्फ चुनाव जीतने के साधन के रूप में इस्तेमाल किया गया। वर्षों से, सिल्ली के लोग अपने उत्थान की उम्मीद लिए खड़े हैं, पर उनके हक में आजसू ने एक रत्ती भी प्रयास नहीं किया। लेकिन इस बार सिल्ली की जनता ने ठान लिया है। अब वे सिर्फ़ वादों पर नहीं, विकास पर वोट करेंगे। अबकी बार सिल्ली के लोग अपने अधिकार, अपने सम्मान के लिए खड़े होंगे और वोट करेंगे। मौका था राजधानी रांची से सटे सिल्ली में आयोजित चुनावी जनसभा का। जेएमएम की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन यहां झामुमो कैंडिडेट अमित महतो के लिए लोगों से वोट की अपील करने पहुंची थीं।
कल्पना सोरेन ने कहा कि जब झारखंड में भाजपा की डबल इंजन की सरकार थी, तब हमारा प्रदेश विकास से कोसों दूर खड़ा था। भाजपा ने झारखंड को एक अवसर के रूप में नहीं, बल्कि एक साधन के रूप में देखा और झारखंड को लूटने और हमारे संसाधनों को दूसरे भाजपा शासित राज्यों में भेजने का काम किया। हमारे अधिकारों पर भाजपा ने पांच साल तक आघात किया, हमारे सपनों को नजरअंदाज किया और हमारे प्रदेश की संभावनाओं को ठुकराया। लेकिन अब, झारखंड की जनता सचेत है, जागरूक है, और इस बार वह झूठे वादों के झांसे में नहीं आयेगी।