भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने सिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा
सिल्ली से जनता आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो को रिकॉर्ड मार्जिन से जितायेगी
झारखंड की जनता प्रदेश की सबसे भ्रष्ट सरकार को 23 नवंबर को बाहर का रास्ता दिखायेगी
सिल्ली। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने शनिवार को थाना चौक के पास स्थित भाजपा के कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि एनडीए झारखंड में दो तिहाई से ज्यादा बहुमत से जीतेगा। पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर बह रही है। प्रतुल ने कहा कि पहले चरण के भी जो 43 सीटों पर चुनाव हुए थे उनमें से दो तिहाई से ज्यादा सीटों पर एनडीए जीत हासिल करेगा।
प्रतुल ने कहा कि सिल्ली से आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो को जनता रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल कराने जा रही हैं। प्रतुल ने कहा भाजपा, आजसू,जदयू और लोजपा का इस बार का गठबंधन झारखंड के इतिहास का एनडीए का सबसे मजबूत गठबंधन है। जनता की आकांक्षा के अनुरूप एनडीए के घटक दलों ने सशक्त गठबंधन बनाया है। प्रतुल ने कहा आजसू हमारा सबसे पुराना और नैसर्गिक साथी है। हम दोनों के एजेंडे में विकास मुख्य मुद्दा है।
प्रतुल ने कहा जनता प्रदेश की सबसे भ्रष्ट हेमंत सरकार की विदाई चाहती है। पिछले 5 वर्षों में झारखंड में विकास नहीं दिखा। इसलिए एनडीए के घटक दलों ने अपने मेनिफेस्टो में किसान, मजदूर, महिला, युवा, गरीबों को राहत और रोजगार को मुख्य मुद्दा बनाया है। प्रतुल ने कहा हेमंत सोरेन सरकार झारखंड के इतिहास की सबसे लुटेरी सरकार रही है। पत्थर घोटाला, लोहा घोटाला, कोयला घोटाला, ट्रांसफर पोस्टिंग घोटाला, खनन घोटाला और अब तो आयु घोटाला भी हो गया इस सरकार के कार्यकाल में। चुनाव में दिये शपथ पत्र की तुलना करने से 2019 और 2024 के बीच में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आयु 5 वर्षों में 7 वर्ष बढ़ गयी।
प्रतुल ने सिल्ली की जनता से आह्वान किया कि वे आजसू प्रमुख सुदेश महतो को रिकार्ड मतों से विजयी बनायें। इससे सिल्ली समेत पूरे प्रदेश में विकास का मार्ग खुलेगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा नेता नवीन झा, मंडल अध्यक्ष अंबुज रजक, महामंत्री हरिहर महतो, उत्तम साहू, शिबू हजम, अभिषेक गुप्ता, राजेंद्र हजम, चंदन गोस्वामी आदि उपस्थित थे।