हजारीबाग: केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि झारखंड में 30 नये प्रोजेक्ट पर कार्य चल रहा है। उन पर 15000 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। यहां 2500 किमी रेल लाइन निर्माण पर काम चल रहा है। रेल मंत्री ने उक्त बातें बुधवार को नयी दिल्ली में हजारीबाग-बरकाकाना रेलखंड का उद्घाटन करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि पूर्व के 5 साल में रेलवे ने प्रति वर्ष 457 करोड़ रुपये खर्च किया, जबकि पिछले साल 1544 करोड़ रुपये निवेश किया गया। 2016-17 में तो 2782 करोड़ रुपये निवेश किये जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड में रेलवे विभाग की ओर से निवेश किये जाने से रेल को भी लाभ होगा।
यशवंत और जयंत सिन्हा को भी सराहा
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोडरमा से हजारीबाग रेलवे लाइन का शुभारंभ फरवरी, 2015 में किया गया था। आज इस रेल पथ का बरकाकाना तक विस्तारीकरण उसी का प्रतिफल है। रेल मंत्री ने कहा कि हजारीबाग में रेलवे लाइन के निर्माण एवं रेल परिचालन शुरू कराने में पूर्व वित्त एवं विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा का काफी योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुभारंभ में यशवंत सिन्हा के पुत्र और हजारीबाग के सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिन्हा की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। रेल भवन में आयोजित समारोह को रेल राज्य मंत्री राजेन गोहन ने भी संबोधित किया।
हजारीबाग के लोगों का समय और पैसा बचेगा : जयसवाल
विधायक मनीष जयसवाल ने कहा कि इस रेल परिचालन से हजारीबाग के यात्रियों को समय और पैसे की बचत होगी। कम भाड़े में यात्री कोडरमा से बरकाकाना तक यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए उन्होंने सांसद सहित रेलवे प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), पूर्व मध्य रेलवे मनोज झा, पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक बीके गायन, पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी एके रजक, डीआरएम धनबाद एमके अखौरी, धनबाद रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय प्रसाद, मुख्य प्रचार निरीक्षक संजय सिंह के अलावा हजारीबाग जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
चोरों ने काटा केबुल
उद्घाटन के पहले ही चोरों ने मंगलवार देर रात कुजू स्टेशन और मांडू हॉल्ट के बीच केबल और जीआइ पाइप काट लिया। जानकारी होते ही इसे आनन फानन में इसे ठीक किया गया।
Previous Articleमस्जिद में प्रतिबंधित मांस फेंकनेवाला एक गिरफ्तार
Next Article रांची विवि प्रशासन के लिए छात्र संघ चुनाव बड़ी चुनौती
Related Posts
Add A Comment