रांची: स्काइशिप मरीन स्टडीज के संचालक दीपक कुमार सिंह (22) ने खुद को गोली मार ली है। घटना बुधवार शाम करीब 4:30 बजे की है। जब दीपक अपनी प्रेमिका के साथ अपने इंस्टीट्यूट में थे, तभी दीपक ने खुद को गोली मारी। घटना के बाद दीपक की प्रेमिका (बरियातू लालू खटाल के पास रहनेवाली) ने दीपक के दोस्त राज मोहन को फोन किया और बताया कि दीपक ने खुद को गोली मार ली है। सूचना के बाद राज मोहन ने सदर थाने को सूचित किया। पीसीआर-9 के जवान जब घटना स्थल पर पहुंचे, तो दीपक की सांसें चल रही थीं, लेकिन गोली उसके सिर के आर-पार हो चुकी थी। पुलिस ने उसे मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
प्रेम-प्रसंग में की आत्महत्या
बिहार के पुरनिया निवासी दीपक पीछले कई वर्षों से रांची में रह रहे थे। दीपक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। रांची के डुमरदगा स्थित मनन विद्या मंदिर स्कूल के पास गंगा साव के मकान को दीपक ने किराये पर लिया था। उक्त मकान में दीपक मार्चेंट नेवी की तैयारी के साथ प्लेसमेंट का काम भी करते थे। दीपक का प्रेम प्रसंग बरियातू की एक लड़की के साथ कई वर्षों से चल रहा था। इंस्टीट्यूट के कर्मी रोहित मेहता ने बताया कि वह लड़की कभी-कभी ही वहां आया करती थी। घटना के दिन बुधवार की दोपहर 1:30 बजे प्रेमिका इंस्टीट्यूट में आयी थी। मेडिकल रूम में दोनों काफी देर से एक साथ बैठे थे। कर्मचारी रोहित ऊपर के कमरे में था। अचानक लड़की वहां से चली गयी। रोहित ने अंदर मेडिकल रूम में जाकर देखा, तो दीपक नीचे गिरा था, और पूरे कमरे में खून फैला था। उतने में दीपक का दोस्त राज मोहन पुलिस के साथ वहां पहुंचा। राज मोहन के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। राज मोहन ने बताया कि उसका ट्रेवल एजेंसी का कारोबार खेलगांव चौक के पास है। दीपक की प्रेमिका ने उसे फोन किया और बताया कि दीपक ने खुद को गोली मार ली है। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
लोडेड पिस्टल बरामद
घटना स्थल से पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है। एफएसएल की टीम ने हथियार को सील किया है। टीम के लोगों ने बताया कि हथियार से एक गोली चली है और एक गोली हथियार में अब तक फंसी है। गोली को पिस्टल से निकाला नहीं जा सका है। पूछताछ करने पर दीपक के कर्मी ने बताया कि पहले कभी उसने अपने मालिक के पास पिस्टल नहीं देखा है। साथ ही यह भी बताया कि लड़की करीब 20 दिनों बाद वहां पहुंची थी। उसके साथ एक और लड़की थी, जो कुछ ही देर में वहां से चली गयी थी।
एकतरफा प्यार की आशंका
जांच करने पहुंची सदर और बरियातू पुलिस ने बताया कि पूरा मामला प्रथम दृष्टि से एकतरफा प्यार का लग रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि अपने प्यार के
इजहार करने के दौरान दीपक ने खुद को गोली मारने की धमकी दी और प्रेमिका द्वारा मना किये जाने पर उसके हाथों से गोली चल गयी है। फिलहाल पुलिस ने दीपक के परिजनों को सूचित कर दिया है।