रांची: भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती और अमर शहीद परमवीर अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि के मौके पर भाजपा ने दोनों महापुरुषों को याद किया। भाजपा नेताओं ने डोरंडा स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा और अल्बर्ट एक्का चौक स्थित अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो अदित्य साहू ने कहा कि यह संयोग है कि आज हम दो महापुरुषों को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद ने न केवल स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी, बल्कि देश को एक लिखित संविधान प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया, वहीं शहीद अल्बर्ट एक्का ने अपने साहस और पराक्रम से न सिर्फ राज्य का, बल्कि देश का भी मान बढ़ाया। प्रदेश भाजपा इन सपूतों को शत-शत नमन करती है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, हेमंत दास, सोना खान, संजय जयसवाल, मुकेश मुक्ता, संजय पोद्दार, अजय गिरि, अमरनाथ चौधरी, तारिक इमरान, डॉ राजशीला सिंह और मानकी राजेंद्र शाही मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version