रांची: रांची यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और आजसू गठबंधन ने परचम लहराते हुए सभी पांच सीटों पर कब्जा कर लिया। बुधवार को मतगणना के बाद विवि छात्र संघ चुनाव के परिणाम की घोषणा की गयी। इसमें पवन बड़ाईक को अध्यक्ष, पूजा कुमारी को उपाध्यक्ष, नीतेश सिंह को सचिव, राजकिशोर महतो और मनोज कच्छप को उपसचिव पद पर विजेता घोषित किया गया। जैसे ही परिणाम की घोषणा हुई यूनिवर्सिटी कैंपस में जश्न का माहौल हो गया। हर ओर अबीर और गुलाल उड़ने लगे।

विवि कैंपस में जश्न उड़े रंग और गुलाल
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और आजसू के छात्रों ने एक दूसरे को अबीर लगाकर और मिठाई खिलाकर खुशियां मनायी। आजसू के उम्मीदवार दो सीटों पर जीते। छात्र संघ का चुनाव अखिल विद्यार्थी भारतीय परिषद और आजसू ने संयुक्त रूप से लड़ा था। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर अभाविप के प्रत्याशी जीते, जबकि सचिव और उप सचिव पद पर आजसू छात्र संगठन ने कब्जा जमाया।

कैंपस में ढोल-मांदर पर झूमने के बाद विजेता प्रत्याशी ठीक तीन बजे वॉलीबॉल ग्राउंड में शपथ लेने पहुंचे। वहां पहले से सब कुछ तैयार था। जोश, उत्साह, खुशी से लबरेज कार्यकर्ताओं ने यहां भी खूब नारे लगाये। भारत माता की जय, वंदे मातरम, जय झाखंड, बिरसा मुंडा अमर रहे के नारे लगते रहे। थोड़ी देर बाद शपथ-ग्रहण शुरू हुआ। पूजा सिंह शपथ लेने में थोड़ा अटकीं तो मनोज कच्छप के शपथ के तरीके सभी को भाया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version