आजाद सिपाही संवाददाता
चौपारण। झापा पंचायत के दानगुरी में शुक्रवार को हुई मां-बेटी की हत्या का खुलासा हो गया है। इस हत्याकांड को महिला के पति ने अपनी प्रेमिका के कहने पर अंजाम दिया। पुलिस ने महिला के पति आनंद दांगी को गिरफ्तार कर लिया है। आनंद ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने कहा है कि उसने अपनी प्रेमिका के कहने पर पत्नी और बेटी की हत्या की। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली है।

चौपारण के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार ने हत्याकांड का खुलासा करने की जानकारी शनिवार को मीडिया को दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सभी कोणों से जांच की और तमाम सबूतों की पड़ताल की। उन्होंने बताया कि आनंद को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने थाना प्रभारी सुदामा कुमार और बरही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार की कार्य शैली की प्रशंसा की।

उल्लेखनीय है कि दानगुरी गांव में अंगिरा देवी (22) और उसकी डेढ़ साल की बेटी अंशिका का शव बरामद किया गया था। पुलिस को महिला के देवर श्रवण दांगी ने पुलिस से कहा था कि गुरुवार की रात खाना खाने के बाद सभी सोने चले गये। आधी रात को पड़ोसी के शोर करने पर उसकी नींद खुली। तब बहू के कमरे का दरवाजा खुला था। घर का मुख्य दरवाजा भी खुला था और बहू गायब थी। रात भर तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। सुबह को बहू की लाश घर के पास ही खेत में पायी गयी। बच्ची का शव पास के कुएं से बरामद किया गया।

आनंद ने बताया कि उसका एक अन्य महिला से प्रेम संबंध है। प्रेमिका ने उससे कहा था कि जब तक पत्नी और बेटी जिंदा है, वह आनंद के साथ नहीं रह सकती है। इसके बाद आनंद ने अपनी पत्नी और बेटी को रास्ते से हटाने की योजना बनायी। वह मुंबई में गाड़ी चलाता है। वह किसी को जानकारी दिये बिना कोलकाता आया। वहां परसौनी निवासी एक चालक से उसकी जान-पहचान थी। उसकी मदद से वह गुरुवार शाम को झापा आया। फिर वह चुपचाप पोल्ट्री फार्म में बैठ गया।

इस दौरान अपनी पत्नी से फोन पर बात करता रहा। उसने रात होने पर पत्नी को पोल्ट्री फार्म पर बुलाया। पत्नी के वहां पहुंचने पर दोनों ने संबंध बनाया। पत्नी द्वारा घर चलने की बात कहने पर उसने तत्काल वापस जाने की बात कही। इसके बाद पत्नी बच्ची को लेकर घर जाने लगी। आनंद उसके पीछे-पीछे चलने लगा और रास्ते में कुदाल से उसके सिर पर वार कर दिया। अंगिरा की मौत वहीं हो गयी। उसकी गोद में बच्ची थी। आनंद ने बच्ची को पास के कुएं में फेंक दिया और वहां से भाग निकला। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुदाल भी बरामद कर ली है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version