धनबाद। सिंदरी थाना क्षेत्र में नूतनडीह स्थित कांड्रा-जोरिया पुल के पास शुक्रवार सुबह झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक के चेहरे पर तेज धार हथियार से वार के निशान हैं। मृतक के परिजनों के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग का है। गुरुवार देर रात एक लड़की ने उनके बेटे को फोन किया था। जिसके बाद वो बाहर गया था। देर रात तक खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। सुबह उसके हत्या की खबर मिली। उधर, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आशंका जतायी की हत्या के बाद यहां लाकर शव को फेंका गया है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के कथित प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पेशे से चालक था मृतक
मृतक की पहचान 22 वर्षीय बैजनाथ महतो उर्फ छोटू के रूप में की गयी है। मृतक की मां कौशल्या देवी ने बताया कि बैजनाथ चालक का काम करता था। बीते देर शाम उसके मोबाइल पर छाया बाउरी नाम की लड़की का फोन आया। इसके बाद बैजनाथ घर से निकल गया। फिर काफी देर तक नहीं लौटा, तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। सुबह कुछ लोग जोरिया नदी किनारे गये, तो उन्होंने वहां बैजनाथ की लाश देखी।
प्रेमिका की शादी चुकी है
मृतक की मां ने बताया कि छाया बाउरी की शादी चार महीने पहले हो चुकी है। इसके बावजूद वो बैजनाथ को फोन कर खुद से शादी के लिए दबाव डालती थी। उधर, मौके पर पहुंचे सिंदरी डीएसपी प्रमोद कुमार केशरी का कहना है कि मृतक के मोबाइल की तलाश की जा रही है। साथ ही आरोपी लड़की से भी पूछताछ की जा रही है। घटना में जिसकी भी संलिप्ता पायी जायेगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।