घाटशिला। गुड़ाबांदा प्रखंड में बुधवार की सुबह हाथियों के झुंड ने एक वृद्ध महिला को कुचलकर मार डाला। महिला की पहचान बोड़ा कोचा गांव निवासी माती सोरेन (79) के रूप में की गयी। 17 हाथियों का झुंड सोमवार की रात से आसनबोनी, बलियापोश एवं धिरीघुटू में डेरा जमाया हुआ है। इस दौरान हाथियों ने कई खेतों में लगी फसलों को बर्बाद कर दिया।
ग्रामीणों में दहशत
सोमवार की रात आसनबोनी निवासी सुनील टुडू और उसकी पत्नी सालगे टुडू जब अपने आंगन में धान उबाल रहे थे। अचानक एक हाथी घर के आंगन में घुस गया। वहीं, दूसरा हाथी पूरे घर के चारों ओर चक्कर काटने लगा। इतने में तीसरा हाथी भी वहां पहुंच गया। सुनील टुडू का घर जंगल के बीच होने से अन्य ग्रामीण वहां भय से नहीं पहुंचे। सुनील ने बताया कि बाद में मैं साहस कर चुपचाप निकल कर गांव पहुंचा। एक व्यक्ति से टॉर्च लेकर आया और एक पटाखा जलाया, जिससे हाथी भाग गये। लेकिन तीन घंटे तक परिवार बंधक बना रहा।
भय से तीन घंटे चुप बैठी रही महिला
सुनील की पत्नी सालगे टुडू ने बताया कि मेरा 4 वर्ष का बेटा महेश्वर एक घर में अकेला सोया था। हाथी घर के बाहर पहरा दे रहे थे। मैं थोड़ा सा भी हिलती तो हाथी जान ले लेते। इस तरह तीन घंटे चुपचाप बैठी रही। आंगन में रखे धान को हाथियों ने नष्ट कर दिया। यहां से जाने के बाद बलियापोश के प्रधान जगतराम मुर्मू एवं विक्रम हांसदा के घर हाथियों ने तांडव मचाया। घर को नुकसान नहीं पहुंचाया, लेकिन धान खा गये।