गिरिडीह। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस एवं झामुमो गठबंधन पर जमकर निशाना साधते हुए जनता से इन्हें खारिज करने का आह्वान किया। कहा कि जनता की तिजोरी लूटने वाले इस चुनाव लुभावने नारे दे रहे हैं। मौका मिला तो ये लोग फिर लूटने का काम करेंगे। इसलिए इनको वोट न दें। नड्डा गुरुवार को जमुआ विधानसभा क्षेत्र के गांधी मैदान में जमुआ में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन्होंने आपका हक छीना, आपकी तिजोरी लूटी, वे लुभावने नारे दे रहे हैं। बड़े-बड़े नारे देने वाले नेताओं में आधे जेल पर हैं और आधे बेल पर हैं। यूपीए सरकार ने घोटाले की होड़ में न धरती छोड़ा, न पाताल, न आसमान। जहां निगाह डालिए, वहीं इनका घोटाला दिख जायेगा। समाज को बांटने वाली कांग्रेस एवं झामुमो भी अब लाचारी में विकास की बात कर रहे हैं। उन्हें पता चल गया कि मोदी के जमाने में विकास के सिवा कुछ नहीं चलेगा। कश्मीर में धारा 370 हटाने, तीन तलाक, सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने को भी भाजपा सरकार की पहल का नतीजा बताया। 2024 तक दो करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाने की घोषणा की।
ये लोग थे मौके पर: इस मौके पर कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक एवं जमुआ के भाजपा प्रत्याशी केदार हाजरा, विधायक, गांडेय के प्रत्याशी प्रो जयप्रकाश वर्मा, धनवार के प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह, प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष प्रणव वर्मा, मेयर सुनील पासवान, डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ, विनय शर्मा, दिनेश यादव, यदुनंदन पाठक, सुखदेव साहू आदि ने भी संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम लोग मौजूद थे। नड्डा निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे विलंब से सभास्थल पर पहुंचे थे।
Previous Article3.25 करोड़ लोगों की निगाहें रघुवर और लक्ष्मण की सीट पर
Next Article राज्य के बड़े शहरों में बनेगी पुलिस कमिश्नरी : रघुवर