पिपरवार। पिपरवार थाना क्षेत्र की ऐलो कॉलोनी से लापता तीन बच्चों में से दो बच्चियों को गुरुवार तीसरे पहर लहुलुहान अवस्था में जंगल से बरामद किया गया। एक बच्चे को सुबह में ही ढूंढ़ निकाला गया था, जबकि दो बच्चियों को तीन बजे दिन में ढूंढ़ा गया। इनमें से एक की मौत हो चुकी थी, जबकि गभीर हालत में मिली दूसरी बच्ची को सीसीएल के पिपरवार क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया, जहां से उसे रांची के लिए रेफर किया गया, लेकिन रिम्स लाने के दौरान उसकी मौत हो गयी। चतरा एसपी ने इस आशय की जानकारी दी। आशंका है कि दोनों के साथ गैंग रेप हुआ है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बच्चियों के साथ दरिंदगी की खबर मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ पहले अस्पताल के बाहर जमा हुई। फिर थाना को घेर लिया। बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गये।
जानकारी के अनुसार दो बच्चियों समेत तीन बच्चे बुधवार से लापता थे। इनमें से दोनों बच्चियों की तलाश गुरुवार को ग्रामीणों ने की। जब उन्हें जानकारी मिली कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है, तब वे थाना पहुंचे और आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग करने लगे।
देर शाम टायर जला कर किया प्रदर्शन
घटना को लेकर पिपरवार देर शाम तक आंदोलित रहा। लोगों ने आठ बजे रात को टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया।
‘बेटी का क्या कसूर था’
मासूम बच्ची की मां ने अस्पताल में बिलखते हुए सवाल किया, मेरी बच्ची का क्या कसूर था कि राक्षसों ने उसके साथ ऐसा किया।
Previous Articleहमने जो कहा, वो किया : राजनाथ
Next Article चुनावी पिच पर झारखंड की हाफ सेंचुरी