रांची। विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मंगलवार देर शाम राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को हेमंत सोरेन ने कांग्रेस और राजद विधायकों के समर्थन का पत्र भी सौंपा। उनके साथ गठबंधन के सभी 49 विधायक, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक टी सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, सह प्रभारी उमंग सिंघार, राजद नेता तेजस्वी यादव और प्रदेश राजद अध्यक्ष अभय सिंह के अलावा शिबू सोरेन, बसंत सोरेन, सुप्रियो भट्टाचार्य तथा झामुमो-कांग्रेस के नेता भी थे।

नयी सरकार का खाका तैयार
सूत्रों के अनुसार, हेमंत सोरेन 29 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया जायेगा। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के साथ 11 मंत्री शपथ लेंगे। इनमें झामुमो और कांग्रेस से पांच-पांच और राजद के इकलौते विधायक शामिल होंगे।

मोरहाबादी मैदान में तैयारी शुरू
मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू कर दी गयी है। समारोह में एक हजार से अधिक वीआइपी शामिल होंगे।

कई राज्यों के सीएम को आमंत्रण
नयी सरकार के शपथ ग्रहण में गैर-एनडीए राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, भूपेश बघेल, कमलनाथ, अशोक गहलोत और उद्धव ठाकरे को आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भी शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए निमंत्रित किया जायेगा। इसके लिए हेमंत सोरेन बुधवार को दिल्ली जायेंगे। उनके साथ कांग्रेस के सभी विधायक भी जायेंगे।

तेजस्वी पहुंचे, शिबू-हेमंत से मिले
इस बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव के पुत्र और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार देर शाम रांची पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद वह सीधे शिबू सोरेन के मोरहाबादी स्थित आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की और चुनाव जीतने पर बधाई दी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version