नयी दिल्ली। झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में हेमंत सोरेन ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रण भी दिया। हेमंत को सोनिया ने कहा कि समय रहा तो वह जरूर आयेंगी, लेकिन राहुल जरूर जायेंगे। दोनों के बीच करीब 25 मिनट तक बातचीत हुई। इस बातचीत में गठबंधन के सहयोगी दलों से कौन-कौन मंत्री होंगे, इस पर चर्चा होगी। साथ ही तय हुआ कि साझा मिनिमम प्रोग्राम के तहत सरकार काम करेगी।
सोनिया से मिलने के बाद हेमंत ने पत्रकारों को बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह को भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में देखा, वे मेरे खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे थे। लेकिन सच यह कि मोदी प्रधानमंत्री हैं और शाह गृह मंत्री। शपथ ग्रहण समारोह में इन दोनों को न्योता दूंगा। हेमंत ने दिल्ली में कांग्रेस के अन्य शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात की। उनके साथ झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, उमर सिंघार और छत्तीसगढ़ के मंत्री पी सिंहदेव भी दिल्ली गये हैं। हेमंत ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बहुमत की सरकार है पूरे पांच साल चलेगी और जनता की सेवा करेगी।
इस दौरे में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल गठन पर चर्चा भी होगी। शपथ ग्रहण समारोह के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को भी हेमंत ने आमंत्रण दिया। नयी दिल्ली रवाना होने के पहले रांची एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में हेमंत सोरेन ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का आमंत्रण देने के लिए वे दिल्ली जा रहे है। बता दें कि हेमंत 29 दिसंबर को रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
दिल्ली में तय होगा सत्ता का स्वरूप
एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने मंत्रिमंडल के स्वरूप पर कहा कि इसकी रूपरेखा दिल्ली में तय होगी। मंत्रिपरिषद में कौन-कौन नेता शामिल होंगे, इस पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ही अंतिम निर्णय लेंगी। कांग्रेस, राजद और झामुमो के लिए मंत्रिमंडल में सीटें निर्धारित होंगी। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में गैर भाजपा शासित प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को भी आमंत्रण भेजा जा रहा है।
राज्यपाल ने हेमंत सोरेन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया
रांची। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन को प्रदेश का मुख्यमंत्री मनोनीत कर दिया है। राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें सरकार बनाने का आमंत्रण भी दिया। बताते चलें कि मंगलवार की शाम हेमंत सोरेन े महागठबंधन के नेताओं के साथ झारखंड की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू से मिले थे और उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके साथ शिबू सोरेन, तेजस्वी यादव, अभय सिंह और अन्य दलों के नेता भी थे। उसी समय यह तय हो गया था कि हेमंत सोरेन की सरकार 29 दिसंबर को शपथ लेगी।
एयरपोर्ट पर हेमंत संग सेल्फी लेने की होड़
बुधवार को दोपहर बाद झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन, मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह, उमंग सिंघार, कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, सुबोधकांत सहाय और कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम समेत कई नेता रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान एयरपोर्ट पर हेमंत सोरेन के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही। हेमंत सोरेन ने पूरी सादगी के साथ सभी के साथ सेल्फी खिंचवायी। इसके बाद महागठबंधन के नेताओं के साथ दिल्ली रवाना हो गये।