जमशेदपुर/खूंटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड में मौसम से भी तेज सरकारें बदलती थीं। भाजपा ने पहली बार राज्य को पांच साल का सीएम दिया। खूंटी के कचहरी मैदान और जमशेदपुर के गोपाल मैदान में मंगलवार को आयोजित जनसभाओं में उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो के अवसरवादी गठबंधन को झारखंड मेें स्थिरता रास नहीं आती है। वे चाहते हैं कि यहां अस्थिरता का कारोबार फलता-फूलता रहे। उन्होंने कहा कि झारखंड में जहां कहीं भी उन्हें जाने का मौका मिला, जनता का जबर्दस्त प्यार मिला।
सत्ता परिवर्तन का लाभ झारखंड को मिला
पीएम ने कहा कि केंद्र में सत्ता परिवर्तन का लाभ झारखंड को मिला है। झारखंड क्रांतिकारी योजनाओें की गंगोत्री बनी है। दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थकेयर स्कीम आयुष्मान भारत का शुभारंभ यहीं से हुआ। एक साल में 60 लाख गरीबों को इससे फायदा हुआ है। मजदूर-किसान और छोटे दुकानदारों के लिए पेंशन योजना का शुभारंभ भी यहीं से हुआ। वहीं 2022 तक देश के हर आदिवासी बहुल क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय की शुरुआत हो जायेगी। भारत उदय का सफल कार्यक्रम इसी झारखंड में हुआ और योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम भी यहीं आयोेजित किया गया। झारखंड को आज देश और दुनिया में नयी पहचान मिली है और उसका श्रेय मुख्यमंत्री रघुवर दास और उनकी टीम को जाता है। जब झारखंड में कांग्रेस और झामुमो गठबंधन की सरकार थी, तब यहां से भ्रष्टाचार और लूट की ही खबरें आती थीं।
राजनीतिक अस्थिरता से विकास बाधित हुआ
प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 साल में झारखंड ने 10 बार मुख्यमंत्री बदलते देखा है। यहां कपड़ों की तरह मुख्यमंत्री बदले जाते थे। पहली बार एक सीएम पांच साल तक रहा है। मैं गुजरात में 13 साल तक मुख्यमंत्री था। वहां जो विकास हुआ, वह राज्य में राजनीतिक स्थिरता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता के लिए कांग्रेस और झामुमो नेताओं का स्वार्थ जिम्मेवार है। पर जब यहां भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, तो यहां नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई हुई और बिजनेस के लिए अनुकूल माहौल बना।
तो विकास की रफ्तार तेज हो जाती है
पीएम ने कहा कि दिल्ली और झारखंड में भाजपा की सरकार होती है तो यहां विकास की रफ्तार तेज हो जाती है। वहीं स्थिर सरकार में उद्योग और निवेश के लिए माहौल बनता है। निवेश को आकर्षित करने के लिए सरकार काम कर रही है। झारखंड के विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 19 वर्ष का झारखंड टीन एज मोड़ पर खड़ा है। इसे मजबूत बनाने के लिए कमल के निशान पर बटन दबायें। कहा कि मोदी की बस एक ही पहचान है और वह कमल निशान है। कोई भ्रमित करने का प्रयास करे तो भ्रमित नहीं होना है। मोदी सिर्फ कमल का फूल लेकर ही आता है। अगर कमल का फूल नहीं है तो मोदी वहां नहीं है। झारखंड पुकारा, भाजपा दुबारा।
विकास के लिए कृत संकल्पित है भाजपा सरकार : रघुवर दास
जमशेदपुर। झारखंड की भाजपा सरकार विकास के लिए कृत संकल्पित है। जमशेदपुर की जनता ने जहां एक मजदूर को अपना प्रतिनिधि बनाया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मजदूर को राज्य की सेवा का दायित्व सौंपा। बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा में ये बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहीं। उन्होंने कहा कि बीते पांच वर्षों में उन्होंने झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने और यहां विकास की गंगा बहाने का भरसक प्रयास किया। इस समृद्ध राज्य की गोद में जो गरीबी पलती है उसे मिटाने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर दो चीजों के लिए विख्यात है। उसमें एक टाटा घराना और दूसरा आदित्यपुर है। आदित्यपुर में 1500 से अधिक औद्योगिक इकाइयों का संचालन होता है। सरकार ने यहां के औद्योगिक विकास के लिए नीतियों में बदलाव किया। इसका लाभ भी क्षेत्र को मिला है। 65 करोड़ की लागत से आदित्यपुर आॅटो कलस्टर का निर्माण किया गया। इसके लिए सस्ती दरों पर भूमि आवंटित की गयी। आयडा की 36 एकड़ से अधिक की भूमि का जब उपयोग नहीं हुआ तो वह जमीन इसके मालिक को वापस कर दी गयी। जमशेदपुर को एक बेहतर शहर का रूप देने के लिए यहां सड़कें चौड़ी की जा रही हैं और उच्च शिक्षा के विकास के लिए भी काम चल रहा है। सिदगोड़ा में महिला विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। वहीं बारीडीह में मणिपाल मेडिकल कॉलेज के निर्माण का काम शुरू हो गया है। बीते पांच वर्षों में राज्य की भाजपा सरकार ने यहां की आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करने का काम किया है। आदिवासियों के मसना और सरना स्थल की घेराबंदी की गयी है। रघुवर दास ने कहा कि उनकी सरकार ने केवल विकास को ध्यान में रख कर काम किया। यह सिलसिला आगे भी जारी रहे, इसके लिए जनता का आशीर्वाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी सात और 12 दिसंबर को भाजपा के उम्मीदवार को जिताने के लिए कार्यकर्ता काम करें।