रांची। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा पूरे देश में आजसू की हो रही है। वजह पूरे राज्य में इसका बढ़ता जनाधार है। अब बड़े भाई और छोटे भाई की कहानी खत्म हो गयी है। आगे क्या होगा, वह देखा जायेगा। पूरे देश की निगाह सिल्ली की ओर है। इस बार सिल्ली नयी इबारत लिखेगा। मैं तो सिर्फ आपलोगों का आशीर्वाद लेने आया हंू। सिल्ली के लोग स्वाभिमानी हैं। अपमान का बदला लेना जानते हैं। यह कहना है आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो का। वह मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के राहे प्रखंड के शिवटंगरा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। आसपास की नौ पंचायत के लोग यहां जमा थे, जिसमें महिलाएं भारी संख्या में थीं। आजसू प्रमुख ने कहा कि 23 दिसंबर को झारखंड में गांव की सरकार बनेगी।
सुदेश ने सिल्लीवासियों को भरोसा दिया कि अगर इस बार वे चुनाव जीत गये, तो सिल्ली का कायकल्प होना तय है। अब यहां के लोग लालपुर या कांटाटोली में काम का इंतजार करते नहीं दिखेंगे। मैं भरोसा दिलाता हूं कि काम के लिए यहां के लोगों को अब बाहर नहीं जाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मैं आपलोगों का आशीर्वाद लेने आया हूं। यह जन आशीर्वाद सभा है। लोकतंत्र में बड़ी ताकत आप हैं। आशीर्वाद मिला, तो सरकार में सहयोग करने की नहीं, सरकार बनाने की स्थिति होगी। अब इस पार से उस पार तक आजसू ही है। उनका इशारा संथाल की ओर था। उन्होंने दावा किया कि इस बार संथाल में भी आजसू को सीटें आयेंगी।

उन्होंने झामुमो पर कई गंभीर आरोप लगाये। कहा कि राजनीति में जुबान पर काबू रखना चाहिए। जो लोग गंदी राजनीति कर रहे हैं, उनका जवाब सोनाहातू, राहे और सिल्ली के लोग देंगे। सुदेश महतो तो संतरी है। झामुमो के हेमंत सोरेन मुंह में चांदी की चम्मच लेकर पैदा हुए। सिल्ली सबसे बेहतर विधानसभा होगी, यह उनकी कल्पना का केंद्र है। तीन करोड़ लोगों की निगाहें अब आजसू पर हैं। आजसू सेवा करने को तैयार है। झामुमो ने कुछ नहीं किया। झूठ और लूट के अलावा कोई काम नहीं हुआ। उनका परिवार चाहता है कि सीएनटी उन पर लागू नहीं हो, बाकी सब पर लागू रहना चाहिए। सिल्ली की वैसी लड़की जो स्रातक पास करेगी, उसे 2100 रुपये दिये जायेंगे। पीने का पानी, सिंचाई की व्यवस्था, सब कुछ उपलब्ध कराने का भरोसा भी सुदेश ने दिया। उन्होंने कहा कि अब सिल्ली में जो भी बेटी डोली में बैठेगी, वह ग्रेजुएट होगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version