रांची। केंद्र सरकार किसानों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। ऐसा कानून बनाया गया है, जिससे किसानों को मजदूर बना दिया जायेगा, कारपोरेट घरानों की दलाली करने के चक्कर में केंद्र सरकार ने ऐसे कानून बनाये हैं। ये बातें पूर्व सांसद और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव भुवनेश्वर मेहता ने कहीं। सोमवार को पार्टी की ओर से राजभवन के पास एक दिवसीय सांकेतिक उपवास और धरना कार्यक्रम किया गया। इस दौरान भुवनेश्वर मेहता ने कहा कि केंद्र सरकार के लिए किसानों का धरना चेतावनी है। अगर इसके बाद भी सरकार दलाली नहीं छोड़ती है, तो सरकार को मुंह की खानी होगी। किसानों के आंदोलन के समर्थन में पार्टी की ओर से धरना सह उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पूरे राज्य में किसानों का जत्था निकाला जायेगा
भुवनेश्वर मेहता ने कहा कि राज्य में कृषि कानून के विरोध में किसान आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन आने वाले समय में अगर केंद्र सरकार रवैया नहीं बदलती है, तो राज्य से इस कानून को लेकर पार्टी जत्था निकालेगी। देश भर के किसान इस कानून को किसान विरोधी बता रहे हैं। बावजूद इसके सरकार इसे किसानों के हित में बता रही है, जबकि कानून बनाते वक्त सरकार ने किसानों से सलाह तक नहीं ली। ऐसे में यह कानून किसानों के हित में कैसे हो सकता है। खुद किसान ही इसका विरोध कर रहे हैं।
पार्टी राज्य परिषद सदस्य अजय सिंह ने कहा कि संविधान, हिंदुस्तान और किसानों के खिलाफ खड़ी केंद्र सरकार अंबानी, अडानी के साथ है। मौके पर उमेश नजीर, लोकेश आनंद समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version