रांची। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर कहा कि इस एक वर्ष में राज्य में उग्रवाद और अपराध का बोलबाला रहा। अपराध का शिकार सबसे ज्यादा महिलाएं हुईं। डेढ़ हजार से ज्यादा महिलाएं दुष्कर्म की शिकार हुर्इं। राज्य में विकास कार्य ठप पड़ा है। ब्लॉक, थाना और अंचल में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भाजपा के कार्यकाल में राज्य से भागे हुए उग्रवादियों ने फिर से पैर पसार लिया है। वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता को सरकार ने छला है। कांग्रेस, झामुमो और राजद ने राज्य में परिवारवाद को बढ़ावा दिया है।
यह सरकार प्रचार पर चलने वाली सरकार है। इनके एक वर्ष के कार्यकाल को सौ में जीरो अंक दिया जाना मुनासिब है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विफलताओं को छुपाने के लिए जितने पैसे महोत्सव में खर्च कर रही है उतना पैसा राज्य के दुखी और पीड़ित समाज को मिलता तो कइयों की परेशानी खत्म हो जाती किंतु सरकार प्रचार के माध्यम से अपनी विफलताओं को छुपाने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने कोरोना काल में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। प्रदेश की हेमंत सरकार ने प्रवासियों को बड़े-बड़े सपने दिखाये, किंतु उन प्रवासी मजदूरों की मैपिंग तक नहीं हो सकी। यह सरकार किसानों के लिए घड़ियाली आंसू तो जरूर बहा रही किंतु सबसे ज्यादा दुखी इस राज्य में किसान हैं। प्रेसवार्ता में पार्टी ने आरोप पत्र को जनता की अदालत में समर्पित किया। महागठबंधन की सरकार की विफलताओं को प्रदेश कार्यालय में एक स्लाइड शो के जरिये दर्शाया गया। इसे भाजपा समर्थकों ने देखा। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा, प्रदेश मीडिया सेल प्रभारी शिवपूजन पाठक तथा अन्य उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version